झांसी। बीयू परिसर में शुक्रवार को फिर संघर्ष हो गया। हॉस्टल के 35-40 छात्रों ने फोरेंसिक विभाग के दो छात्रों की पिटाई कर दी। जब एक शिक्षक ने सख्ती की, तो भागने लगे। भागते समय एक छात्र गिरकर चुटहिल हो गया। इसके बाद छात्र बिफर गए और मौके पर पहुंचे सुरक्षा कर्मियों से गाली-गलौज व धक्का-मुक्की कर दी।
दोपहर करीब डेढ़ बजे एक हॉस्टल के 35-40 छात्र फोरेंसिक विभाग के पास जाकर खड़े हो गए। इस दरम्यान प्रथम वर्ष और तृतीय वर्ष के दो छात्र विभाग से प्रैक्टिकल करके निकले। छात्रों ने दोनों की पिटाई कर दी। इस दौरान एक शिक्षक वहां से गुजरे तो दो छात्रों की पिटाई होते देख उन्होंने सुरक्षा कर्मियों की मदद से मारपीट करने वालों से सख्ती की। इस पर छात्र भागने लगे। उनमें से कुछ छात्र शिक्षक पर मारपीट का आरोप लगाने लगे। इसी बीच अन्य सुरक्षा कर्मी भी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा कर्मियों ने शांत करने का प्रयास किया तो छात्र गाली-गलौज करने लगे। एकजुट छात्र कुलपति कार्यालय और फिर पुलिस चौकी पहुंचे। चीफ प्रॉक्टर प्रो. आरके सैनी ने छात्रों को बुलाया, मगर वह नहीं आए। विवि पुलिस चौकी इंचार्ज ने बताया कि छात्र अपनी शिकायत लेकर आए थे, मगर बाद में उनके बीच समझौता हो गया। ब्यूरो