महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कालेज में व्याप्त कमियों को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया है। इसका खासा असर हुआ है। कालेज प्रशासन ने बुधवार को इमरजेंसी से दो लापरवाह कर्मचारियों को हटा दिया। सीएमएस ने स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराईं।
अमर उजाला में मंगलवार के अंक में ‘‘वेंटिलेटर’ पर ओटी, आईसीयू’ खबर प्रकाशित की गई थी, जिसके जरिये महारानी लक्ष्मीबाई मेेडिकल कालेज की ओटी और आईसीयू यूनिट की बदहाली को उजागर किया था। बुधवार के अंक में स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में व्याप्त अव्यवस्थाओं को ‘चेंजिंग रूम में कबाड़, बाथरूम में गंदगी और जंग लगे स्ट्रेचर’ खबर के जरिये उठाया गया। अमर उजाला की खबरों का खास असर हुआ है। ओटी में सफाई हो गई है। बुधवार को दो लापरवाह कर्मचारी आनंद बट्टू और प्रिंस को हटा दिया गया। मुख्य चिकित्साधीक्षक डा. हरिश्चंद्र आर्या ने स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग का निरीक्षण किया। उन्होंने विभाग की खराब लाइटों को तत्काल ठीक कराया। स्टाफ नर्सों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। विभाग के मुख्य द्वार पर स्ट्रेचर रखवाए। सीएमएस ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए लापरवाही कर्मचारियों को चिह्नित करने के निर्देश दिए।
सुधार की प्रक्रिया शुरू
झांसी। व्यवस्थाओं में सुधार के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कालेज में आवश्यक बैठक हुई, जिसमें प्रधानाचार्य डा. एन एस सेंगर ने कहा कि अमर उजाला के माध्यम से अस्पताल में व्याप्त कमियां सामने आईं हैं। सुधार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि कालेज के सभी जिम्मेदार लोग समस्याओं को गंभीरता से लेकर तत्काल कार्रवाई शुरू कर दें। बैठक में सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डा. राजीव सिन्हा, मुख्य चिकित्साधीक्षक डा. हरिश्चंद्र आर्या, प्लास्टिक सर्जन डा. सुधीर कुमार, इमरजेंसी के नोडल अधिकारी डा. दिनेश राजपूत, डा. मयंक सिंह और सिस्टर इंचार्ज मौजूद रहीं।