बाइक सवार युवकों ने होमगार्डों को पीटा
झांसी। बृहस्पतिवार दोपहर मेडिकल बाईपास पर यातायात व्यवस्था के दौरान बाइक सवार युवकों ने दो होमगार्डों की पिटाई कर दी। खबर मिलते ही भारी पुलिस फोर्स के पहुंचने से पहले युवक बाइक छोड़कर भाग निकले। इस दौरान उन्होंने एक जनप्रतिनिधि के रिश्तेदार बताकर मामला निपटाने का भी प्रयास किया, लेकिन सफल न होने पर बाइक छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर युवकों की तलाश शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार को होमगार्ड ओम हरी व अनिल कश्यप बाईपास पर यातायात व्यवस्था बनाने के लिए ड्यूटी पर थे। इसी बीच चार पहिया वाहन के पीछे बाइक पर सवार तीन युवकों ने टक्कर मार दी। चार पहिया गाड़ी के चालक ने उतरकर विरोध जताया तो युवकों ने पीटना शुरू कर दिया। इससे मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। होमगार्ड जवानों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी चाही तो युवकों ने दोनों जवानों की पिटाई कर दी। किसी तरह
एक होमगार्ड ने बचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने से पहले उक्त युवक जनप्रतिनिधि के रिश्तेदार बताकर धमकाने लगे। इसके बाद बाइक छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर मारपीट करने वाले युवकों की तलाश शुरू कर दी है।