अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रविवार की रात 12 बजे से हाईवे का सफर महंगा हो गया। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) द्वारा टोल टैक्स की नई दरें लागू कर दीं गईं, जिससे चौपहिया वाहनों को टोल नाके से गुजरने पर पांच से पंद्रह रुपये तक अधिक चुकाने पड़े।
एनएचएआई द्वारा टोल टैक्स की नई दरें मार्च माह में तय की थीं, जो एक अप्रैल से लागू की जानी थीं। लेकिन, लोकसभा चुनाव के चलते टोल टैक्स की बढ़ोत्तरी को टाल दिया गया था। लेकिन, दो जून की रात 12 बजे से बढ़ी हुई यह दरें लागू कर दीं गईं। इसके साथ ही झांसी-कानपुर हाईवे पर पड़ने वाले सेमरी व एट, शिवपुरी हाईवे के रक्सा, दतिया के डगरई, झांसी-ललितपुर हाईवे के बबीना व बीघाखेत और झांसी-खजुराहो हाईवे के लुहारी टोल प्लाजा पर चौपहिया वाहन चालकों को पांच से पंद्रह रुपये तक अधिक चुकाने पड़े। इस दरम्यान टोल टैक्स में हुई बढ़ोत्तरी को लेकर लोग नाराजगी जाहिर करते भी नजर आए। एनएचएआई के परियोजना प्रबंधक सुनील जैन ने बताया कि हर साल टोल की नई दरें लागू की जाती हैं। इस साल की परिवर्तित दरों को भी लागू कर दिया गया है।