झांसी। बड़ागांव थाना पुलिस ने कार में तस्करी कर ले जाया जा रहा लगभग तीन लाख रुपये कीमत का 50 किलोग्राम गांजा पकड़ा। इसके अलावा तीन तस्कर भी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बड़ागांव थाना पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दरम्यान एक कार आती दिखाई दी। तलाशी करने पर काम में रखे पांच पैकेटों में 50.600 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने जालौन जिले के थाना डकोर के ग्राम कुशमिलिया निवासी आशीष शिवहरे, थाना एट के ग्राम पिंडारी निवासी मनोज कुमार शिवहरे व उरई के राजेंद्र नगर निवासी श्याम शिवहरे को गिरफ्तार किया है। इनमें से पकड़े गए आशीष शिवहरे पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।