संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। हैलो... मैं बिजली विभाग से बोल रहा हूं, आपका बिजली बिल बकाया है। ओटीएस में पंजीयन का आपको लाभ मिल सकता है। योजना का लाभ लेकर बिल जमा कर दें, वरना कनेक्शन कट सकता है। आप जल्द बिल भरकर असुविधा से बचें। इस तरह की बातें विभाग के कर्मी फोनकर बिजली उपभोक्ताओं को कह रहे हैं। उनसे जल्द बिल भरने की बात कह रहे हैं। ऐसा न करने पर बिजली कनेक्शन काटे जाने की चेतावनी भी दी जा रही है।
दरअसल, बिजली विभाग ने ओटीएस योजना में डिफाल्टर्स हुए उपभोक्ताओं को एक ओर मौका दिया है। वह 10 प्रतिशत अतिरिक्त कटौती के साथ बिजली का बिल ब्याज रहित जमा कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें 31 जुलाई तक का समय दिया गया है, लेकिन अभी तक इस योजना में कम ही उपभोक्ताओं ने दिलचस्पी ली है।
विद्युत विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर जहां बिल जमा करने के लिए प्रेरित कर रही हैं, वहीं कार्यालयों में नियुक्त कर्मी डिफाल्टर्स उपभोक्ताओं को फोन कर बिल जमा करने की बात कहे हैं। इसके लिए प्रत्येक उपखंड कार्यालय पर कर्मी नियुक्त किए गए हैं। टीम प्रतिदिन करीब 50 से 100 लोगों को फोन कर बकाया बिल की जानकारी देने के साथ ही बिल भरने का निवेदन कर रहे हैं।
..............
डिफाल्टर उपभोक्ताओं को अपना बकाया चुकता करने का एक ओर मौका दिया गया है। कई उपभोक्ताओं को योजना के बारे में जानकारी नहीं है। इसके चलते उन्हें फोन कर जानकारी दी जा रही है। साथ ही योजना का लाभ लेते हुए बिल जमा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। - केपी खान, मुख्य अभियंता, विद्युत वितरण मंडल, झांसी