झांसी। महानगर में रविवार देर रात हुई झमाझम बारिश ने कंपंकपी छुड़ा दी। तेज हवाएं चलने से मौसम में ठंडक बढ़ गई। तेज बारिश व आंधी की वजह से शहर की बिजली गुल हो गई, जिससे देर रात तक अंधेरा पसरा रहा। वहीं महानगर में जगह-जगह हुए जलभराव से भी परेशानी उठानी पड़ी।
रविवार दोपहर को महानगर का मौसम सामान्य था। मगर शाम को अचानक बादल छा गए। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने लगीं। रात करीब नौ बजे हवाओं के साथ हुई बूंदाबांदी से मौसम खुशनुमा हुआ। इसका लोगों ने घर के बाहर निकलकर और छतों पर आनंद लिया। वहीं रात साढ़े दस बजे तेज गरज के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ हवाओं की तेजी जारी रही। इस दौरान ठंडी हवाओं ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी। तेज बारिश के चलते महानगर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। महानगर के नरिया बाजार, केकेपुरी, बांस वाली गली, ताज कंपाउंड, खुशीपुरा, पठौरिया, तलैया मोहल्ला समेत तमाम निचले इलाकों में जलभराव हो गया। हालात यह हुए कि सोने की तैयारी कर रहे लोग घर से पानी निकालने में जुट गए।
वहीं बारिश के चलते बिजली की लाइनों में कई जगह फॉल्ट आ गया। बारिश के चलते फॉल्ट ठीक करने के लिए निकली टीमें अपना काम नहीं कर सकीं। इससे शहर में देर रात तक अंधेरा पसर रहा। मुन्नालाल पावर हाउस से जुड़े इलाके पीतांबरा कालोनी, बंसल कॉलोनी, होमगार्ड, पठौरिया, दतिया गेट अंदर क्षेत्र की आपूर्ति दो घंटे बाद बहाल हुई। बारिश में स्ट्रीट लाइट बंद होने की वजह से लोगों को सड़कों पर आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी।
घरों में निकल आए कंबल
बारिश के चलते ठंड बढ़ने से घरों में कंबल निकल आए। मौसम ठंडा होने से लोग एसी, कूलर और पंखें बंद करके सोये। बारिश के चलते हाईवे पर भी वाहनों पहिए थमे रहे। रात को बाहर टहलने निकले लोग भी जहां-तहां फंस गए।