झांसी। मृत महिला को कोरोना का टीका लगाने के मामले में जांच कर रही स्वास्थ्य विभाग की टीम उस स्वास्थ्य कर्मचारी की पड़ताल में जुट गई है, जिसकी वजह से ये गड़बड़झाला हुआ। जल्द ही कमेटी अपनी रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपेगी।
प्रेमनगर के ईसाईटोला में रहने वाली 75 वर्षीय महिला की बीते 21 अप्रैल को मौत चुकी है। मरने के आठ दिन पूर्व वृद्धा को कोरोना की पहली वैक्सीन लगी थी। बीते 9 दिसंबर को महिला के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर दूसरी वैक्सीन लगने का संदेश आ गया। परिजनों ने ये मेसेज देखा तो चौंक गए। मोबाइल नंबर के आधार पर टीकाकरण की रिपोर्ट भी निकल आई। मामले की सूचना जब स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंची तो जांच के लिए कमेटी का गठन कर दिया गया। कमेटी जांच करने वृद्धा के घर पहुंची। यहां परिजनों ने वृद्धा का मृत्यु प्रमाणपत्र और टीकाकरण की रिपोर्ट दिखाई। टीम को जांच के दौरान मामला सही मिला। अब संबंधित केंद्र के स्वास्थ्य कर्मचारियों की जांच शुरू हो गई है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रविशंकर ने बताया कि चूंकि एक आईडी पर चार से पांच कर्मचारी काम करते हैं। ऐसे में पता किया जा रहा है कि ये गलती किस कर्मचारी से हुई है।