हरियाली तीज पर दिखे भक्ति और मस्ती के रंग
झांसी। सावन तीज पर शनिवार को महानगर के श्रीराम व कृष्ण मंदिरों में झूले डाले गए और उनमें भगवान को विराजमान किया गया। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने सावन के गीत और भजन गाए। वहीं समाज सेवी संस्थाओं के कार्यक्रमों में हरियाली तीज उत्सव के आयोजन हुए। इनमें महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर भगवान शिव व मां पार्वती की पूजा की और झूलों का आनंद लिया।
मेहंदी बाग के राम जानकी मंदिर, खत्रयाना स्थित गोविंद जी के मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भगवान को श्रद्धालुओं ने झूला झुलाया। इधर श्री सिद्धेश्वर मंदिर में श्रावण मास समारोह महासमिति के तत्वावधान में सिद्धेश्वर भगवान का अनुपम श्रृंगार किया गया। शंख, झालरों की ध्वनि पर हर हर महादेव के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालुओं ने महा आरती की। इस अवसर पर आचार्य हरीओम पाठक, नगर विधायक रवि शर्मा, नीना उदैनिया, संजय पटवारी, पुष्पा त्रिपाठी, मनमोहन गेड़ा, रवीश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
इधर, शिव मंदिर आवास विकास कालोनी में शिव मंदिर जन कल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित झूला महोत्सव में हरियाली तीज पर महिलाओं ने सोलह श्रृंगार प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रतिभागी महिलाओं ने भगवान शिव के भजनों पर मोहक नृत्य किया। मंदिर में झूला डाला गया, जिसमें महिलाओं ने झूले का आनंद लिया। इस अवसर पर मीना कंचन, प्रतिभा गोस्वामी, अलका मित्तल, श्वेता दुबे, रेनू गोस्वामी, मंजू चौबे, आशा साहू, नमिता चौबे, दीपिका हयारण आदि मौजूद रहीं। इधर जेसीआई झांसी गूंज के तत्वावधान में हरियाली तीज उत्सव का आयोजन हुआ। इसमें कई मनोरंजक खेल महिलाओं ने खेले। इस अवसर पर स्वालेहा खान, ममता दासानी, संयोजक रश्मि अग्रवाल, अध्याय अध्यक्ष रेखा राठौर, योगिता अग्रवाल आदि मौजूद रहीं। भारतीय योग संस्थान के तत्वावधान में आवास विकास महिला केंद्र की योग साधिकाओं ने हरियाली तीज का आयोजन किया। तीज क्वीन के लिए हुई प्रतियोगिता में महिलाओं ने सोलह श्रृंगार किया, कैट वॉक में हिस्सा लिया और प्रश्न योग तथा सामान्य ज्ञान में अपनी प्रतिभा प्रस्तुत की। इसमें सपना साहू को तीज क्वीन का खिताब मिला। साधना खरे रनर अप एवं राजकुमारी द्वितीय रनरअप रहीं। कुंती हरीराम ने क्राउन पहनाकर प्रतिभागियों को विभूषित किया। इस अवसर पर अनुसुइया, राधा रानी, नीलम, गीता, रीता श्रीवास्तव, क्षमा जैन आदि मौजूद रहीं।
इधर लायंस क्लब युवराज के तत्वावधान में हरियाली तीज पर हुए कार्यक्रम में महिलाओं ने अपनी प्रतिभा प्रस्तुत की। तीज क्वीन राधा बनीं। दूसरे स्थान पर रीना सोनी व तीसरे स्थान पर सिम्मी भुसारी रहीं। इस अवसर पर वर्षा साहू, मोना चौरसिया, गौरी, दीपांशु डे, पूनम डे, माला मल्होत्रा आदि मौजूद रहीं।
खाती बाबा मंदिर में श्रावण मेला शुरू
झांसी। प्रेमनगर स्थित श्री देवस्थल खाती बाबा मंदिर में 69 वां श्रावण मेले का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि एसपी सिटी श्री प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि खाती बाबा मंदिर पर आयोजित मेला परंपरा सराहनीय है। इस मेला में बुंदेलखंड की संस्कृति के दर्शन होते हैं।
शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि सीनियर डीएमई करुणेश श्रीवास्तव, सीओ सदर संग्राम सिंह, प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर आशीष मिश्रा, राकेश सेन आदि ने खाती बाबा का पूजन किया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि बुंदेलखंड में मेला की परंपरा काफी प्राचीन है। भले ही आधुनिक युग है, लेकिन आज भी हजारों लोग इन मेलों में हिस्सा लेने आते हैं। मेला की परंपरा सामाजिक भाईचारा को प्रोत्साहित करती है। इस अवसर पर वीजी गौतम, धनीराम कुशवाहा, राम प्रसाद भगत जी, मनीराम, महेश सेन, वीरेंद्र कुशवाहा, राजेंद्र, नीरज दुबे, नीतेश कुशवाहा, गोकुल प्रसाद दुबे, एनके सिंह, भानु प्रताप सिंह, भावेश कुशवाहा, अभिषेक कुशवाहा, अभिषेक पाठक, विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन सियाराम शरण चतुर्वेदी ने किया।