झांसी। पारीछा में पत्नी व बच्चों को जहर देकर मारने वाले सीआईएसएफ जवान ने उदयपुर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी उदयपुर के पुलिस अधिकारियों ने झांसी एसएसपी को दी। फोटो मंगाने के बाद जवान के मरने की पुष्टि हुई। एसएसपी ने मामले की पड़ताल के लिए एक टीम उदयपुर रवाना कर दी है।
पारीछा थर्मल पावर प्लांट में तैनात सीआईएसएफ जवान शेर सिंह गुर्जर ने बीते 23 सितंबर को अपनी पत्नी गीता, बेटे कानू और बेटी तनिशा को जहर देने के बाद रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देकर जवान फरार हो गया। घटना के अगले दिन तीनों के शव तख्त (पलंग) पर मिले थे। सभी के मुंह से झाग निकल रहा था। घटना के बाद से फरार चल रहे जवान को दबोचने के लिए पुलिस ने खोजबीन शुरू कर दी थी, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। सीआईएसएफ की इंटेलीजेंस भी जवान को पकड़ने मेें जुट गई थी। जवान राजस्थान के दौसा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के गाउडी गांव का रहने वाला था।
गिरफ्तारी न होने के बाद से ही पुलिस की टीमों ने राजस्थान में भी डेरा जमा लिया था। जवान की खोजबीन चल ही रही थी, इसी बीच जवान का शव राजस्थान के उदयपुर में पेड़ पर लटका मिला। मौके पर पहुंची उदयपुर पुलिस ने पड़ताल की। उसके पास से मिले कागजात के बाद सीआईएसएफ से संपर्क कर शिनाख्त कर ली गई। पूरे प्रकरण की जानकारी होने के बाद झांसी के एसएसपी विनोद कुमार सिंह को सूचना दी गई। फोटो मंगाने के बाद शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी गई। एसएसपी के निर्देश पर एक टीम उदयपुर के लिए रवाना हो गई।