फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्वालियर से बानमोर स्टेशन के बीच तीसरी लाइन मार्च से होगी चालू, मालगाड़ियों के संचालन के लिए मिलेगा अलग रास्ता

Fri, 29 Jan 2021 07:21 PM IST
झांसी ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, झांसी
विज्ञापन
रेलवे लाइन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
ग्वालियर से बानमोर स्टेशन के बीच तीसरी रेल लाइन पर मार्च से संचालन शुरू हो जाएगा। 20 किलोमीटर के इस सेक्शन में पटरियां डालने का काम पूरा होेने के बाद सिगनलों को लगाने का काम अंतिम चरण में चल रहा है। इस लाइन के चालू होने पर मालगाड़ियों के संचालन के लिए एक अलग रास्ता मिल जाएगा।
विज्ञापन


झांसी से मथुरा के बीच 273 किलोमीटर में तीसरी रेल लाइन डालने का काम चल रहा है। इस काम को झांसी से धौलपुर और धौलपुर से मथुरा के बीच बांटा गया है। इसमें रेल विकास निगम लिमिटेड ने झांसी से आंतरी के बीच नोएडा की केपीटीआई, आंतरी से धौलपुर के बीच गुड़गांव की जीआर इंफ्रा और धौलपुर से मथुरा के बीच दिल्ली की एसटीएस कंपनी को काम सौंपा गया है।

झांसी से मथुरा के बीच नौ स्टील के ब्रिज (पुल) का निर्माण होगा, जिसको कोलकाता की जीपीटी इंफ्रा कंपनी बना रही है। आंतरी से धौलपुर के बीच पड़ने वाले ग्वालियर से बानमोर स्टेशन के बीच संबंधित कंपनी ने तीसरी रेल लाइन की पटरियों को बिछाने का काम पूरा कर लिया है। मंडल रेल प्रशासन इस ट्रैक को मार्च तक चालू करने की तैयारी कर रहा है।
विज्ञापन


इस संबंध में डीआरएम संदीप माथुर ने बताया कि मार्च तक सबसे पहले ग्वालियर से बानमोर स्टेशन के बीच तीसरे ट्रैक को चालू करने की तैयारी चल रही है। इस सेक्शन में पटरियां डालने के बाद सिगनल लगाने का काम अंतिम चरण में चल रहा है।

यहां भी चल रहा काम
रेल विकास निगम लिमिटेड ने डबरा से आंतरी के बीच 20 किलोमीटर ट्रैक पर पटरी डालने का काम शुरू कर दिया है। बाकी सेक्शन में जमीन समतल करने का काम चल रहा है। रास्ते में पड़ने वाले सभी पुलों को बनाने का काम भी तेजी से चल रहा है। साथ ही करारी, सोनागिर, कोटरा व अनंतपेठ स्टेशनों की नई बिल्डिंग का काम भी लगभग पूरा कर लिया गया है। इसी तरह झांसी से बबीना के बीच भी 25 किलोमीटर में ट्रैक बनकर तैयार है। बबीना स्टेशन पर सिर्फ इलेक्ट्रॉनिक इंटर लॉकिंग का काम बाकी रह गया है।

यह भी जानिए
अगस्त 2016 में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमेटी (सीसीईए) ने मथुरा से झांसी के बीच 273.80 किलोमीटर और झांसी से बीना के बीच 152.57 किलोमीटर की तीसरी रेल लाइन को मंजूरी दी थी। तीसरी नई रेल लाइन बिछाने में मथुरा-झांसी के बीच 4377 करोड़ और झांसी-बीना के मध्य 2490 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसमें रेल विकास निगम लिमिटेड मथुरा से झांसी के बीच, झांसी से ललितपुर के बीच रेलवे का निर्माण संगठन और ललितपुर और बीना के बीच इंजीनियरिंग विभाग को नया ट्रैक डालना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें