झांसी/मऊरानीपुर। मऊरानीपुर के तंबाकू व्यवसायी संजय पहारिया के आठ प्रतिष्ठान एवं गोदामों पर बृहस्पतिवार सुबह जीएसटी दस्ते ने छापेमारी की। यहां से करीब 1.25 करोड़ रुपये के अपंजीकृत गुटका, तंबाकू एवं उसके उत्पाद बरामद किए। इसके अलावा 31 लाख की नकदी भी बरामद हुई। यहां सुपाड़ी, तम्बाकू एवं गुटका बनाने वाली मशीनों को भी दस्ते ने सीज कर दिया। देर-रात तक जीएसटी टीम गोदाम एवं प्रतिष्ठान को खंगालने में जुटी रही। उधर, जीएसटी टीम की कार्रवाई के बाद से पूरे इलाके में खलबली मची रही।
सुबह करीब साढ़े दस बजे जीएसटी डिप्टी कमिश्नर संजय शर्मा की अगुवाई में आठ टीमों ने पुरानी मऊ, छिपयांत, नदी पार, कटरा, नईबस्ती एवं विवाह घर के सामने सहित व्यवसायी संजय के आठ ठिकानों पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान तंबाकू व्यवसायी मौके पर नहीं मिले। जीएसटी अधिकारियों के मुताबिक व्यवसायी के पास तंबाकू व गुटका का बड़ा व्यवसाय है। उनके यहां से गुटका व तंबाकू के तमाम ब्रांड भेजे जाते हैं। पिछले काफी समय से जीएसटी चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतें मिलने पर डिप्टी कमिश्नर शिवसहाय, डिप्टी कमिश्नर संतोष कुमार, असिस्टेंट कमिश्नर शैलेंद्र, डिप्टी कमिश्नर जितेंद्र हरि की अगुवाई में टीम गठित हुई। इन सभी टीमों ने सुबह नौ बजे से छापेमारी की। डिप्टी कमिश्नर संजय शर्मा के मुताबिक तंबाकू व्यापारी संजय पहारिया के प्रतिष्ठानों व गोदामों पर छापे के दौरान करीब 31 लाख नकदी बरामद हुई। सीज की हुई वस्तुओं को उनकी पत्नी की सुपुर्दगी में दिया गया है। देर-रात तक जीएसटी टीम गोदाम एवं प्रतिष्ठान खंगालने में जुटी रही।