झांसी। सोमवार को श्री गुरु नानक देव जी का 551 वां प्रकाश पर्व महानगर के सभी गुरुद्वारों में आस्था एवं उत्साह के साथ मनाया गया। जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल का जयघोष और सतगुरु नानक प्रगटिया, मिटी धुंध जग चानण होआ....., वाहे गुरु वाहे गुरु के मधुर भक्ति स्वर श्रद्धालुओं को श्री गुरु नानक देव जी की दिव्य भक्ति में विभोर कर रहे थे। गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं ने परिवार सहित श्री गुरु ग्रंथ साहब जी के समक्ष मत्था टेका और गुरुवाणी का पाठ व कीर्तन सुना और देश की खुशहाली की कामना की।
महकते फूलों और रंग बिरंगे गुब्बारों से गुरुद्वारों की भव्य सजावट की गई। प्रकाश पर्व पर सोमवार की सुबह श्रद्धालु गुरुद्वारों में उमड़ पडे़। गुरुद्वारा झोकनबाग में सुबह 9:30 बजे आशा दी वार का कीर्तन हुआ। गुरु ग्रंथ साहब जी के अखंड पाठ साहब का भोग एवं आरती हुई। इसके बाद स्त्री सत्संग ने कीर्तन किया। भाई अजीत सिंह व बलवीर सिंह ने गुरुवाणी का पाठ व कीर्तन किया। इसके बाद सभी ने गुरु के लंगर का प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव, पूर्व मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव, पूर्व एमएलसी श्याम सुंदर, गुरुद्वारा झोकनबाग प्रधान सर्वजीत सिंह कोहली, राजेंद्र चावला, हरचरण सिंह, भूपेंद्र साहनी, मन्नी सरदार आदि श्रद्धालु मौजूद रहे।
इधर, गुरुद्वारा रामगढ़िया बिरादरी हीरापुरा में ज्ञानी अमनदीप सिंह ने कीर्तन किया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समानता का संदेश दिया है। सभी उनके संदेशों को आत्मसात करें। इस अवसर पर महापौर रामतीर्थ सिंघल, गुरुद्वारा प्रधान सरदार इंदरजीत सिंह, सचिव तेजिंदर सिंह, गुरमीत सिंह, नरेंद्र नामदेव आदि मौजूद रहे। इधर, श्री गुरु सिंह सभा नगरा में ज्ञानी अमनदीप सिंह भोगल ने कीर्तन प्रवचन किया। कोरोना महामारी से मुक्ति के लिए प्रार्थना की गई। बच्चों ने गुरुवाणी का पाठ किया। जिन्हें बाद में पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर प्रधान इंदर पाल सिंह खनूजा, सचिव हरप्रीत सिंह, इंद्रजीत सिंह खनूजा, अमन सिंह सलूजा, अमनजीत सिंह खनूजा, इकबाल सिंह, सुरजीत सिंह खनूजा, गुरचरण सिंह, परविंदर सिंह, टिंकल आदि मौजूद रहे।
गुरुद्वारा सीपरी में भाई हरदयाल सिंह, वीर सतप्रीत सिंह, ज्ञानी महिंदर सिंह ने जी कीर्तन किया और कथा की। इस अवसर पर जिलाधिकारी आंद्रा वामसी, गुरविंदर सिंह सब्बरवाल, दिलबाग सिंह भुसारी, बलवीर सलूजा, इंदरपाल सिंह मल्होत्रा आदि श्रद्धालु मौजूद रहे। पूज्य सिंधी पंचायत में स्थित गुरुद्वारा में प्रकाश पर्व उत्साह से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने अरदास में देश की एकता और अखंडता तथा कोरोना महामारी से मुक्ति के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर भगवान सत्यनारायण की कथा भी हुई। इस अवसर पर पंचायत अध्यक्ष चंद्र प्रकाश नैनवानी, झूलेलाल सिंधी सेवा मंडल के अध्यक्ष हरीश हसानी, नगर विधायक रवि शर्मा, चंदीराम खियानी, दादा किशोर फबयानी आदि मौजूद रहे।