सीपरी थाना क्षेत्र के अंबाबाय में सोमवार सुबह उधार के 30 हजार रुपये मांगने पर आवेश में आकर चचेरे दादा ने घर में घुसकर पोते व एक माह की पोती पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे पोती की मौके पर मौत हो गई, जबकि पोता घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से दादा फरार है।
अंबाबाय निवासी कमलेश विश्वकर्मा बढ़ई है। सोमवार सुबह वह काम पर गया था। घर पर उसकी पत्नी रश्मि व बच्चियां थीं। सुबह करीब नौ बजे रश्मि साफ-सफाई कर रही थी, तभी कमलेश का चाचा घर आया और उधार दिए तीस हजार रुपये मांगने पर रश्मि से विवाद करने लगा। गाली गलौज की।
पुलिस के अनुसार रश्मि ने समझाया कि उसे पैसों की जरूरत है, इसलिए मांगे हैं, लेकिन उसने एक नहीं सुनी। गुस्से में भरे आरोपी ने घर में पड़े डंडे उठाकर चारपाई पर सो रही एक माह की पोती भावना और तीन वर्षीय पोते वंश के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। सिर में गहरी चोट लगने से मौके पर ही भावना की मौत हो गई जबकि, वंश गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस बीच रश्मि के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीणों के आने से पहले आरोपी मौके से भाग गया। ग्रामीण दोनों मासूम को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने भावना को मृत घोषित कर दिया। जबकि, वंश की हालत नाजुक है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।