झांसी। पिछले दिनों कानपुर में हुई इलेक्ट्रिक बसों से दुर्घटनाओं से सबक लेते हुए अपर मुख्य सचिव डॉ. रजनीश दुबे उत्तर प्रदेश ने सभी मंडलायुक्त/ अध्यक्ष, एस.पी.वी. सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड झांसी, कानपुर, लखनऊ, आगरा, वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ, बरेली, मुरादाबाद, गोरखपुर और अलीगढ़ को पत्र जारी करके निर्देश दिया है कि कुशल चालकों से ही बसों का संचालन कराएं। इसके साथ ही समय - समय पर बसों का फिटनेस और चालक - परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए।
पिछले दिनों कानपुर में हुए हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी। दूसरी घटना में कई लोगों के घायल होने के बाद शासन ने सभी परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधकों को दिशा निर्देश जारी किए हैं। इनमें रेलवे की तरह इलेक्ट्रिक बसों के चालक और परिचालकों को चार्जिंग प्वाइंट स्थल पर विश्रामगृह, पौष्टिक आहार, शौचालय, शुद्ध पेयजल और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। चालक और परिचालक की उपलब्धता के आधार पर ड्यूटी निर्धारित की जाए।
यह हैं निर्देश
- सभी रूट चार्ट का कड़ाई से पालन किया जाए, जिससे आम जन को परेशानी न हो।
- बस के स्टॉपेज, लोकेशन, स्पीड और आमदनी के लिए डैश बोर्ड बनाया जाए।
- संचालन के दौरान होने वाली घटना की सूचना मिलने पर तुरंत कार्यवाही कर उसकी रिकार्डिंग की जाए।
- सीसीटीवी कैमरे पूर्णरूप से क्रियाशील कर वीडियो रिकार्डिंग सुनिश्चित की जाए।
सभी बसों में हेल्पलाइन नंबर तथा जिला प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर अंकित हों, जिससे जरूरत पड़ने पर यात्रियों को मदद मिल सके।
शासन से आई सभी गाइड लाइन का पूर्ण रूप से पालन किया जाएगा। इलेक्ट्रिक बसों का संचालन हाल ही में शुरू हुआ है। इसलिए व्यवस्था बनाने में थोड़ा समय लग रहा है। जल्द ही सभी व्यवस्थाओं का पूरी तरह से इंतजाम कर लिया जाएगा।- संदीप अग्रवाल, आरएम झांसी।