फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झांसी में सिस्टम के आगे फेल हैं सरकारी दावे, पीड़ित फिरते हैं मारे-मारे

विज्ञापन
विज्ञापन
झांसी। मृतक किसान रघुवीर पाल ने जमीन बचाने के लिए 11 साल लंबी लड़ाई लड़ी। जमीन कब्जामुक्त कराने के लिए उच्चाधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक का दरवाजा खटखटाया। संपूर्ण समाधान दिवस और थाना दिवस में भी अपनी शिकायतें दर्ज कर्राइं, परंतु उसकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया। सिस्टम के आगे वो हार गया और लाचारी में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ये पहला मामला नहीं है। इस तरह के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। सिस्टम के आगे बेबस हुए लोग जान देने तक की कोशिश तक कर चुके हैं।
विज्ञापन

केस - 1
सीएम से मिलने की कोशिश में चली गई थी जान
झांसी। ग्राम प्रधान द्वारा की गई मारपीट और पुलिस की एकतरफा कार्रवाई की शिकायत लेकर ललितपुर के बानपुर का युवक राजकुमार पाल अप्रैल माह में मुख्यमंत्री से मिलने लखनऊ पहुंचा था। जनता दरबार में घुसने की कोशिश में वह दीवार फांद रहा था। इसी दौरान वह फिसलकर गिर गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। लखनऊ जाने से पहले उसने ललितपुर में भी अधिकारियों से गुहार लगाई थी, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो पाई थी, जिससे उसे लखनऊ जाना पड़ा था। यदि स्थानीय स्तर पर ही उसकी सुनवाई हो जाती तो शायद युवक की जान बच जाती।
केस - 2
महिला ने कलक्ट्रेट में की थी आत्मदाह की कोशिश
झांसी। एक महिला अपने दो बच्चों के साथ कलक्ट्रेट पहुंच गई थी। उसने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया था। इससे पहले कि वह आग लगा पाती पुलिस ने पकड़ लिया था। महिला का आरोप था कि उसका उत्पीड़न किया जा रहा है, लेकिन पुलिस सुनवाई नहीं कर रही। जबकि, वह आला अफसरों तक का दरवाजा खटखटा चुकी है। लेकिन, उसकी फरियाद किसी ने नहीं सुनी, जिसके चलते वह आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर हुई।
विज्ञापन

केस - 3
युवक ने पुलिस ऑफिस में किया आत्मदाह का प्रयास
झांसी। रक्सा थाना क्षेत्र के ग्राम पुनावली निवासी मलखान सिंह राजपूत ने 12 फरवरी 2019 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आत्मदाह की कोशिश की थी। उसने अपने शरीर पर केरोसिन डाल लिया था। वहां मौजूद पुलिस कर्मी उसे मुश्किल से बचा पाए थे। युवक का आरोप था कि कुछ दबंगों ने जबरन उसके मकान पर कब्जा कर लिया है। थाने में कई बार शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है।
केस - 4
सुनवाई न होने पर टंकी पर चढ़ गया था युवक
झांसी। प्रेमनगर के गढ़ियागांव निवासी राजकुमार फरवरी माह में जमीन पर कब्जे की शिकायत की सुनवाई न होने से परेशान होकर घर के पास बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया था। उसका आरोप है कि लगातार थाने व अधिकारियों के चक्कर काटने के बाद भी उसकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। बाद में मौके पर पहुंचे पुलिस व प्रशासन के अफसरों ने उसे कार्रवाई का भरोसा देकर टंकी से नीचे उतारा था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें