26 सितंबर को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के शहर आगमन को लेकर सरकारी अस्पताल व्यवस्थाएं चौकस करने में जुट गए हैं। जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने साफ-सफाई समेत सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के अधीनस्थों को निर्देश दे दिए हैं। आला अधिकारी खुद भी हर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय का 26 सितंबर को दीक्षांत समारोह होना है। इसमें राज्यपाल हिस्सा लेंगी। यहां पदक वितरण करने के बाद वह कहीं भी औचक निरीक्षण कर सकती हैं। इसके अलावा सरकारी योजनाओं की समीक्षा करने की भी संभावना है। ऐसे में सरकारी अस्पताल प्रशासन तैयारियों में जुट गया है।
शनिवार को जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बीके गुप्ता ने साफ-सफाई दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्था परखी। वहीं, मेडिकल कॉलेज सीएमएस डॉ. हरीशचंद्र आर्या ने भी सफाई व्यवस्था और विद्युत व्यवस्था देखी।