संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। इंदौर, लखनऊ, गोरखपुर की ओर जाने वाली स्लीपर बसों से जीएसटी चोरी कर माल को इधर-उधर करने की शिकायत पर जीएसटी अधिकारियों ने झांसी, ललितपुर और उरई में एक साथ कार्रवाई की। इन बसों की छत पर लादकर माल ले जाया जा रहा है। कपड़े और अन्य इलेक्ट्रानिक सामान के करीब आठ दर्जन से अधिक गट्ठर बगैर जीएसटी चुकाए ढोया जा रहा था।
जीएसटी अधिकारियों ने स्लीपर बसों पर डेढ़ लाख का जुर्माना लगाया।इंदौर, आगरा, जयपुर से आने वाली अधिकांश स्लीपर बस लखनऊ और गोरखपुर की ओर जाती हैं। बगैर जीएसटी चुकाए माल ले जाने की जानकारी अधिकारियों को लगातार मिल रही थी। अपर आयुक्त ग्रेड टू (प्रवर्तन) एके सिंह के आदेश पर संयुक्त आयुक्त (प्रवर्तन) मनीष श्रीवास्तव ने सचल दल इकाइयों की टीम बनाकर सुबह झांसी, ललितपुर और उरई में एक साथ जांच की। पकड़ी गई कुल नौ बस में लदे माल की जांच की गई। इसमें से पांच बस झांसी, तीन बस ललितपुर और एक बस उरई में पकड़ी गई।पकड़ी गई बसों पर 784 गट्ठर वैध पाए गए जबकि 138 गट्ठर बगैर जीएसटी अदा कर ले जाए जा रहे थे। जांच करने पर अधिकारियों ने बोरों में रेडीमेड गारमेंट्स, हवाई चप्पल, साड़ी, किड्स गारमेंट्स व सीलिंग फैन पकड़े। उक्त माल शिवम ट्रेवल्स एंड कार्गाे, भदौरिया ट्रेवल्स, शताब्दी कार्गाे, राज कल्पना ट्रेवल्स श्रीकृष्णा ट्रेवल्स, महाकाल बस सर्विस से चोरी चुपके ले जाया जा रहा था। इन सभी पर डेढ़ लाख रुपये का अर्थदंड विभाग की ओर से लगाया गया। इस दौरान सहायक आयुक्त धर्मेंद्र कुमार, अरविंद निषाद, कल्पना यादव, हेमंत राय और अमित कुमार सिंह मौजूद रहे।