फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रंगबाजी में घर से बुलाकर युवक को गोली मारी, हालत नाजुक

विज्ञापन
विज्ञापन
झांसी। शनिवार की शाम थाना नवाबाद इलाके का खुशीपुरा मुहल्ला गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। रंगबाजी में यहां एक युवक को घर से बुलाकर दो हमलावरों ने गोली मार दी। सुनियोजित ढंग से घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। युवक की हालत नाजुक होने पर उसे लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस ने इलाके के ही दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
विज्ञापन

खुशीपुरा निवासी स्व. शंकर सिंह का पुत्र लखन (29) शनिवार को दोपहर से ही अपने घर पर था। इसी दरम्यान रात तकरीबन साढ़े आठ बजे उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया। इसके बाद वो घर से निकलकर मोहल्ले में ही शिक्षा विभाग परिसर के पीछे वाली गली में चला गया और पड़ोस के कुछ युवकों से बातचीत करने लगा। इसी दरम्यान शिक्षा भवन परिसर की ओर से आए हमलावरों ने लखन पर एक के बाद तीन फायर झोंक दिए। इसमें एक गोली लखन की पीठ में लगी। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता हमलावर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घर से तकरीबन चार सौ मीटर की दूरी पर हुई इस घटना की जानकारी परिजनों को लगी तो घर में कोहराम मच गया। पड़ोसी और परिजन आनन-फानन में लखन को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज लेकर भागे। हालत नाजुक होने पर मेडिकल से उसे लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा, एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी ने घटना स्थल का जायजा लिया। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर घटना के बारे में जानकारी ली। देर रात घायल के भाई प्रदीप की तहरीर पर पुलिस ने खुशीपुरा के ही अविनाश पंत और सतीश वर्मा उर्फ बूचा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।
विज्ञापन

हाथापाई की घटना का गोली से लिया बदला
झांसी। गोलीकांड में घायल हुए लखन का तकरीबन छह माह पहले आरोपियों से झगड़ा हो गया था। इस दरम्यान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई भी हुई थी। लेकिन, बाद में कुछ लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला निपट गया था और दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया था। लेकिन, विपक्षी अंदर ही अंदर उससे रंजिश रखे हुए थे और वे मौके की फिराक में थे। शनिवार को मौका मिलते ही उन्होंने गोलीकांड की घटना को अंजाम दे डाला।
पूरी तैयारी के साथ आए थे हमलावर
झांसी। लखन को गोली मारने से पहले हमलावरों ने पहले से ही पूरी तैयार कर ली थी। वे शिक्षा विभाग परिसर की ओर से आए थे। विभाग का पीछे का परिसर अंधेरे में डूबा रहता है और यहां किसी की आवाजाही भी नहीं होती है। गोली उन्होंने विभाग की टूटी हुई बाउंड्री के ऊपर से खड़े होकर मारी, जबकि लखन नीचे गली में खड़ा हुआ था। गोली मारने के बाद हमलावर उसी रास्ते से आसानी से भाग गए, जिससे वे आए थे।
हनक के लिए आए दिन होते हैं हवाई फायर
झांसी। शनिवार की रात हुई गोलीकांड की घटना के आरोपी इलाके में अपनी हनक बनाए हुए हैं। इसे बरकरार रखने के लिए भी आए दिन खुलेआम हवाई फायर करते रहते हैं। लोगों से मारपीट करना आम बात है। दहशत की वजह से लोग पुलिस से शिकायत करने से कतराते रहे, जिससे उनके हौसले और भी बुलंद होते जा रहे थे। इलाके में दबदबा बनाने के लिए आरोपियों ने शनिवार को गोलीकांड की घटना को अंजाम दे डाला।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें