झांसी। अमर उजाला के ‘बेटी ही बचाएगी’ अभियान के तहत बालिकाओं को आत्मरक्षा में सक्षम बनाने के उद्देश्य से तीसरे ‘एडवांस कराटे ट्रेनिंग कैंप’ की सोमवार को शुरुआत होगी। कैंप ज्ञान स्थली पब्लिक स्कूल में शुरू होगा, जिसमें कराटे एक्सपर्ट बालिकाओं को प्रशिक्षण देंगे।
बालिकाएं अपनी सुरक्षा को लेकर किसी पर निर्भर न रहें। वह आत्मरक्षा में सक्षम हों, इसके लिए अमर उजाला के बेटी ही बचाएगी अभियान के तहत उन्हें सेल्फ डिफेंस सिखाया जा रहा है। अब तक दो विद्यालय महारानी लक्ष्मीबाई बालिका इंटर कॉलेज व एच एम मेमोरियल गर्ल्स इंटर कॉलेज में शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। तीसरा कैंप सोमवार को प्रात: 10.30 बजे शिवाजी नगर स्थित ज्ञान स्थली पब्लिक स्कूल में शुरू होगा, जिसका शुभारंभ महिला थानाध्यक्ष व अंतर्राष्ट्रीय शूटर रंजना गुप्ता करेंगी।
शिविर में जाने माने कराटे एक्सपर्ट मेवालाल राजपूत (चौथा दान ब्लैक बेल्ट) के निर्देशन में उनकी टीम की विशेषज्ञ शाहीन परवीन, पिंकी रायकवार, चंचल यादव, पूजा यादव व स्नेहलता द्वारा बालिकाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। एक्सपर्ट उन्हें हाथों को हथियार बनाना सिखाएंगे। साथ ही पेन, बैग, दुपट्टा, रुमाल आदि चीजों के सहारे बालिकाओं को बदमाशों को मुंह तोड़ जवाब देने के तरीके बताए जाएंगे। इसके अलावा शारीरिक क्षमता में वृद्धि को खान - पान व व्यायाम की जानकारी दी जाएगी।