निवाड़ी पुलिस के मुताबिक, सात अक्तूबर को झांसी से सटे चकरपुर के बनगाय हाइवे के पास हत्या करके घनश्याम के शव को फेंक दिया था। पुलिस ने झांसी समेत हाइवे पर लगे कैमरों को खंगाला। झांसी में सीसीटीवी कैमरे में घनश्याम एक बाइक पर युवती एवं युवक के साथ जाते दिखा। सर्विलांस सेल की पड़ताल में कुछ मोबाइल नंबर पुलिस के हाथ आ गए।
सर्विलांस सेल की मदद से झांसी एवं आगरा में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में त्रिकोणीय प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई। झांसी निवासी रोहित चौधरी ने पुलिस को बताया कि उसकी प्रेमिका सोनिया ने पेंशन और फंड के लालच में रिटायर्ड कर्मचारी घनश्याम को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था। सोनिया को घनश्याम अपने साथ रखना चाहता था। यह बात रोहित को नागवार गुजरती थी।
सात अक्तूबर को बहाने से वह सोनिया और घनश्याम को अपनी बाइक में बिठाकर झांसी लेकर आया। यहां से बनगाय पहुंचने पर उसने लोहे की सरिया मारकर घनश्याम की हत्या कर दी। चेहरे पर तेल डालकर जला दिया। पुलिस ने आरोपी रोहित के खून लगे कपड़े आदि बरामद किए हैं।