तुषार की मौत के बाद मां किरण ने सौम्या के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। उसकी मां का आरोप है तुषार के अपनी जाति का न होने की वजह से सौम्या उससे दूरी बनाने लगी थी।
सात साल तक अफेयर के बाद प्रेमिका के आगे साथ रहने से इन्कार करने पर दुखी युवक के आत्महत्या कर लेने के मामले में प्रेमिका के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। युवक की मां की ओर से आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया गया है।
विज्ञापन
बड़ागांव गेट के बाहर रहने वाले तुषार पाखरे (24) का सात साल से सौम्या कुशवाहा नामक युवती से प्रेम संबंध था। तुषार के परिजनों का आरोप है कि जातिगत वजहों से सौम्या ने तुषार से दूरी बनानी शुरू कर दी थी। 6 फरवरी को तुषार ने आखिरी बार मुलाकात के लिए सौम्या को घर बुलाया था। दोपहर करीब आधे घंटे ठहरने के बाद सौम्या लौट गई लेकिन कमरे में पर्स भूल गई थी। जब पर्स लेने लौटी, तब तुषार फंदे से लटका मिला। उसके शोर मचाने पर आस-पड़ाेस के लोग आ गए। तुषार को फंदे से उतारकर मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत के बाद मां किरण ने सौम्या के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। उसकी मां का आरोप है तुषार के अपनी जाति का न होने की वजह से सौम्या उससे दूरी बनाने लगी थी। कोतवाल विद्या सागर सिंह का कहना है कि एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।