झांसी। इजरायली तकनीकी की मदद से बबीना के सूखाग्रस्त इलाकों तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचेगा। चिन्ह्नित गांवों के लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। अब जल्द ही यहां इजरायली एजेंसी सर्वे के लिए यहां पहुंचेगी। उम्मीद जताई जा रही कि इस वर्ष प्रोजेक्ट में काम शुरू हो जाएगा।
बबीना ब्लॉक सर्वाधिक सूखाग्रस्त इलाकों में शुमार किया जाता है। यहां पीने के पानी के साथ ही सिंचाई के साधन भी नहीं हैं। इससे किसानों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। सिंचाई के साधन तैयार करने को पिछले वर्ष अगस्त माह में केंद्र सरकार ने इजरायल के साथ एक समझौता किया था। इसके जरिए इजरायल यहां सिंचाई ढांचा तैयार करने में तकनीकी मदद देने पर राजी हुआ था। इसके जरिए करीब 200 हेक्टेयर में सिंचाई सहुलियत बनाई जानी है।
सिंचाई अभियंताओं के मुताबिक पहुंज नदी से ड्राई इलाके तक पानी लाने की योजना है। सिंचाई में इस विधि का इस्तेमाल होगा जिससे सिंचाई के दौरान पानी की बर्बादी भी रोकी जा सके। टपक प्रणाली को भी उपयोगी माना जा रहा है हालांकि अभी विभिन्न बिंदूओं का अध्ययन करके विशेषज्ञ प्रस्ताव तैयार कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को एनआईसी में आयोजित ज़ूम मीटिंग के जरिए भारत एवं इजरायल के विशेषज्ञों के बीच विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी आद्रा वामसी ने इजरायली दल से मौके पर आकर सर्वे करने के साथ प्रस्ताव तैयार करने की जरूरत बताई। इजराइल की ओर से डेन अलूफ समेत तकनीकी टीम सदस्यों ने बैठक में हिस्सा लिया। यहां से निर्देशक भूगर्भ जल विभाग वीके उपाध्याय, जिलाधिकारी आंद्रा वामसी, सीडीओ शैलेष कुमार, अधिशासी अभियंता बेतवा उमेश कुमार समेत अन्य उपस्थित रहे।