झांसी। अमरनाथ यात्रा पर जाने का मन बना चुके लोगों के लिए ट्रेन का आरक्षण बाधा बन रहा है। हालात यह है कि 11 अगस्त तक किसी ट्रेन में कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं है। जम्मू जाने वाली सिर्फ एक सुविधा स्पेशल ट्रेन में ही जगह उपलब्ध है। वहीं, साधारण टिकट पर आम दिनों की अपेक्षा जम्मू जाने वाले यात्रियों में दोगुनी वृद्धि हुई है। यात्रियों की इस भीड़ की वजह से जम्मू जाने वाले सैनिकों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
अमरनाथ यात्रा दो जुलाई से शुरू हो रही है, जो पंद्रह अगस्त तक चलेगी। बुधवार से यात्रियों ने अमरनाथ जाने के लिए यात्रा शुरू कर दी। झांसी से जम्मू के लिए प्रतिदिन दो ट्रेनें इंदौर से जम्मूतवी जाने वाली 12919 मालवा एक्सप्रेस व पुणे से जम्मू तवी जाने वाली 11077 झेलम एक्सप्रेस उपलब्ध हैं। इसके अलावा मंगलौर से जम्मू तवी जाने वाली 16687 नवयुग एक्सप्रेस बुधवार, कन्याकुमारी से जम्मूतवी जाने वाली 16317 हिमसागर एक्सप्रेस रविवार,
1449 जबलपुर- जम्मूतवी मंगलवार, चेन्नई से जम्मू तवी जाने वाली 16031 अंडमान एक्सप्रेस सोमवार, बृहस्पतिवार व शुक्रवार, 2549 दुर्ग जम्मू तवी एक्सप्रेस बुधवार, 18215 दुर्ग जम्मूतवी एक्सप्रेस बृहस्पतिवार व 22679 श्री वैष्णो देवी कटरा सुविधा प्रीमियम एक्सप्रेस सोमवार को गुजरती हैं।
इस बार बड़ी संख्या में यात्रियों के अमरनाथ जाने से जम्मू जाने वाली सभी ट्रेनों में तीस दिनों तक आरक्षण फुल है। झेलम व मालवा एक्सप्रेस में क्रमश: 18 सितंबर व 23 अगस्त के बाद ही कंफर्म बर्थ मिल रही है। अगले बीस दिन तक स्लीपर कोच में लगभग सौ, थर्ड एसी में पचास से साठ व सेकेंड एसी में पंद्रह से बीस वेटिंग चल रही है।
स्लीपर कोचों में तो एक दो वेटिंग खिसकना भी मुश्किल हो रहा है। इसके बावजूद यात्री रोजाना वेटिंग टिकट ले रहे हैं। वह उम्मीद लगाए बैठे हैं कि चार्ट बनने पर उनका आरक्षण क्लीयर हो जाएगा। आरक्षण क्लीयर नहीं हुआ तो कोच में घुसने की अनुमति तो मिल ही जाएगी। वहीं, जम्मू के लिए जनरल टिकटों की भी मांग बढ़ गई हैं। आम दिनों में जहां तीस से चालीस टिकट बिकते थे, इन दिनों उनकी संख्या सौ तक पहुंच गई है।
तत्काल व इमरजेंसी कोटे के लिए मारामारी
आरक्षण काउंटर खुलते ही इन दिनों सबसे ज्यादा मारामारी जम्मू तवी का तत्काल टिकट बनवाने के लिए रहती है। एक दिन में जिन यात्रियों को टिकट बन जाता है, वह अपने को भाग्यशाली समझते हैं। रेल प्रशासन नेइमरजेंसी कोटे में झेलम एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में चार, सेकेंड व थर्ड एसी में दो-दो तथा मालवा एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में दो सीटें उपलब्ध करा रखीं हैं। इन सीटों को पाने के लिए लोग केंद्रीय मंत्री, सांसद, एमएलसी, पूर्व जनप्रतिनिधि व रेल अफसरों से सिफारिश लगा रहे हैं।
इन तिथियों से खाली हैं बर्थ
ट्रेन नंबर व नाम स्लीपर क्लास थर्ड एसी
11077 झेलम एक्सप्रेस 19 सितंबर 19 सितंबर
11449 जबलपुर कटरा एक्सप्रेस 16 अगस्त 09 अगस्त
12919 मालवा एक्सप्रेस 23 अगस्त 24 अगस्त
12549 दुर्ग जम्मूतवी एक्सप्रेस 17 अगस्त 24 अगस्त
18215 दुर्ग जम्मूतवी एक्सप्रेस 11 अगस्त 28 जुलाई
16031 अंडमान एक्सप्रेस 02 सितंबर 12 सितंबर
16317 हिमसागर एक्सप्रेस 11 सितंबर 18 सितंबर
16687 नवयुग एक्सप्रेस 24 अगस्त 24 अगस्त
22679 कटरा सुविधा एक्सप्रेस 18 जुलाई 25 जुलाई