अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। समथर के पुड़ैरा गांव में स्कूल जा रहे चार साल का बच्चा बैक करते समय कार से कुचला गया। हादसे में घायल बच्चे को परिजन तुरंत लेकर अस्पताल पहुंचे। यहां कुछ देर बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। आरोपी चालक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
पुड़ैरा गांव निवासी राकेश पाल खेती-किसानी करते हैं। उनका चार साल का इकलौता पुत्र राजा स्थानीय आंगनबाड़ी में पढ़ता था। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे पढ़ने के लिए घर से निकला। गांव के बाहर भिंड के चिरौली लहर निवासी संतोष कार बैक कर रहा था। राजा कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसके सिर, हाथ एवं पांव में गहरी चोट आ गई।
आसपास के लोगों ने कार को रोककर संतोष को पकड़ लिया। घायल राजा को परिजन पहले नजदीक के सीएचसी ले गए। यहां से उसे मोंठ ले आया गया। मोंठ में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। समथर थानाध्यक्ष अनुज गंगवार के मुताबिक, चालक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करके वाहन को कब्जे में ले लिया गया। चालक को भी हिरासत में लिया गया है।
इनसेट
इकलौते बेटे की लाश से लिपटकर बिलखने लगे पिता
घायल इकलौते बेटे को जैसे ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, पिता राकेश उससे लिपटकर बिलखने लगा। हादसे की सूचना पर परिवार के लोग भी पहुंच गए। रोते-बिलखते मां-बाप को किसी तरह परिजन सांत्वना दे रहे थे। मासूम बच्चे की हादसे में मौत से गांव में भी मातम पसरा रहा।