अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। थाना प्रेमनगर रुंदकरारी इलाके में निर्माण कराने के एवज में रंगदारी मांगने के आरोप में चार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। हंसारी निवासी नितेंद्र राय ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी के नाम पर आराजी संख्या 247, 248, 249 एवं 238 में एक एकड़ जमीन है। वह 11 फरवरी को यहां मजदूरों के साथ निर्माण कार्य करा रहे थे।
तभी एलडिको कॉलोनी निवासी अनूप शिवहरे ने वहां पहुंचकर उसे धमकाना शुरू कर दिया। उसके साथ दिलीप यादव, देवेंद्र यादव, उमेश यादव समेत कई अज्ञात लोग थे। आरोपियों ने उससे पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। आरोप है कि 12 फरवरी को दोबारा मौके पर पहुंचकर मजदूरों को भगा दिया। ठेकेदार के साथ मारपीट करके उसे जान से मार डालने की धमकी दी। ठेकेदार की सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन आरोपी भाग निकले। नितेंद्र का आरोप है कि पैसा न मिलने पर आरोपी जमीन पर निर्माण न करने देने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने उसकी तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
प्रेमनगर थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय का कहना है कि इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मामला पंजीकृत कराया है। मामले की छानबीन कराई जा रही है।