कुर्की की कार्रवाई करता प्रशासन।
- फोटो : संवाद
गरौठा के पूर्व सपा विधायक दीप नारायण सिंह यादव और उनके सहखातेदारों के नाम दर्ज 24.28 करोड़ रुपये से अधिक की अचल संपत्ति को बृहस्पतिवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कुर्क कर लिया। गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई इस कार्रवाई के बाद पिछले साढ़े तीन वर्षों में पूर्व विधायक से जुड़ी कुल कुर्क संपत्ति का आंकड़ा बढ़कर 596 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि मोंठ थाना क्षेत्र के गांव बुढ़ावली निवासी दीप नारायण सिंह यादव उर्फ दीपक यादव वर्तमान में नवाबाद थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर, आरटीओ कार्यालय के पास रहते हैं। उनके खिलाफ नवाबाद थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस जांच में सामने आया कि अपराध से अर्जित संपत्तियों को छिपाने और उनके रखरखाव में सहयोग करने के लिए कई अचल संपत्तियां सहखातेदारों और करीबी लोगों के नाम दर्ज कराई गई थीं। इन्हीं संपत्तियों को चिन्हित कर प्रशासन ने कुर्की की कार्रवाई की।
इन जगहों पर हुई कार्रवाई
प्रशासन के अनुसार गांव तिलैथा थाना बरुआसागर निवासी कैलाश नारायण यादव, ताज कंपाउंड नंदनपुरा निवासी अशोक गोस्वामी और उसके बेटे अभिषेक गोस्वामी, तथा गांव भगवंतपुरा निवासी मुन्नालाल के नाम दर्ज संपत्तियों को कुर्क किया गया है। कार्रवाई के तहत करगुवां, बनगुवां और भगवंतपुरा क्षेत्र में स्थित जमीन और अन्य अचल संपत्तियों को कब्जे में लिया गया। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कुर्की के नोटिस चस्पा किए और संपत्तियों को सरकारी कब्जे में लेने की कार्रवाई पूरी की। एसपी सिटी ने बताया कि इससे पहले 27 नवंबर 2022 से लेकर 13 दिसंबर 2025 तक अलग-अलग चरणों में पूर्व विधायक से जुड़ी 572 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की जा चुकी थी।
कहां कितनी संपत्ति हुई कुर्क
प्रशासन के अनुसार मौजा करगुवां में कैलाश नारायण यादव और एसआर रेजीडेंसी प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर अशोक गोस्वामी के नाम दर्ज 1.87 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई। वहीं, बनगुवां में अशोक गोस्वामी के नाम दर्ज 77.76 लाख रुपये की संपत्ति प्रशासन ने कब्जे में ली। इसके अलावा भगवंतपुरा में मुन्नालाल और अभिषेक गोस्वामी के नाम दर्ज 21.63 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की अचल संपत्ति कुर्क की गई। अधिकारियों का कहना है कि संपत्तियों का मूल्यांकन वर्तमान बाजार दर के आधार पर किया गया है।
कार्रवाई के दौरान का वीडियो...