सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने के मामले में जिला प्रशासन द्वारा एंटी भूमाफिया, टास्क फोर्स समिति की जांच आख्या के आधार पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रमेश खटीक को भूमाफिया घोषित किया गया है।
इससे खटीक समाज की चुनाव की तैयारियों को तगड़ा झटका लगा है। वह महरौनी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। इसके साथ ही उनके एक राजनीतिक दल से टिकट भी मांगने की चर्चाएं जोरों पर थीं। वहीं, उनके खिलाफ जमीन संबंधी कई मामलों में मुकदमा दर्ज होने के चलते भी वह चर्चाओं में हैं।
उप जिलाधिकारी सदर डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय ने बताया कि डीएम के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी गुलशन कुमार द्वारा 18 नवंबर को तहसील स्तरीय एंटी भू-माफिया, टास्क फोर्स समिति की बैठक कर जनपद से प्राप्त अवैध कब्जा संबंधी प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए जांच आख्या के आधार पर तहसील ललितपुर क्षेत्र के अंतर्गत सरकारी भूमि पर किए जा रहे अवैध कब्जे को दृष्टिगत रखते हुए अवैध कब्जेदार रमेश कुमार खटीक निवासी सुभाषपुरा ललितपुर को भू-माफिया घोषित कर कार्रवाई की गई है
तहसील स्तरीय एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स समिति को निर्देशित किया गया है कि जनपद में यदि अन्य कोई भू-माफिया सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किए पाया जाता है तो तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करना सुनिश्चित करें।