झांसी। हाल ही में समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं मऊरानीपुर की पूर्व विधायक डा. रश्मि आर्य ने मंगलवार को बतौर निर्दलीय नामांकन पत्र खरीदकर सभी को चौंका दिया। उनके इस कदम से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है।
भारतीय जनता पार्टी ने जिले की चार में से तीन सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। केवल मऊरानीपुर (सुरक्षित) सीट पर अब तक प्रत्याशी की घोषणा नहीं हो पाई है। चर्चाएं हैं कि गठबंधन में भाजपा ये सीट अपना दल को देने जा रही है, लेकिन इसके भी अब तक कोई ठोस संकेत नहीं मिले हैं। असमंजस की स्थिति बरकरार है। वहीं, मऊरानीपुर से साल 2012 में सपा के टिकट पर विधायक रहीं डा. रश्मि आर्या ने हाल ही में साइकिल से उतरकर कमल का फूल थाम लिया है। इसके बाद से ही उन्हें इस सीट पर भाजपा के टिकट का दावेदार माना जा रहा है। लेकिन, इसी बीच उन्होंने मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत होने के साथ ही बतौर निर्दलीय नाम निर्देशन पत्र खरीद लिया।
वहीं, पूर्व विधायक का कहना है कि जब तक फार्म ‘ए’ और ‘बी’ नहीं आता, तब तक हर प्रत्याशी को निर्दलीय माना जाता है। नामांकन दाखिल करने में तमाम औपचारिकताएं करनी होती हैं, जिसमें काफी समय लगता है। इसकी तैयारी करने के लिए नाम निर्देशन पत्र खरीदा है। पूर्व विधायक ने बताया कि उन्होंने भाजपा से टिकट की दावेदारी की है। पार्टी के फैसले का इंतजार है।