संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। बबीना में तीन साल पहले बने 220 केवी बबीना पावर हाउस के संचालन का रास्ता साफ हो गया है। वन और रक्षा विभाग का पेंच सुलझाते हुए एनओसी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अब जल्द ही 33 केवी लाइनों का निर्माण शुरू हो जाएगा। इसके बाद उपकेंद्रों को बिजली आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
शहर के साथ एमईएस बबीना, बीएचईएल प्रथम और द्वितीय को 132 केवी हंसारी बिजलीघर से आपूर्ति दी जा रही है। इस बिजलीघर पर ओवरलोड की समस्या को देखते हुए बबीना ब्लॉक के ढुकवां रोड पर 220 केवी पावर हाउस का निर्माण स्वीकृत किया गया। इसका निर्माण 2020 में शुरू किया और यह 2022 में बनकर तैयार हो गया। अब यहां से बिजली आपूर्ति के लिए 33 केवी फीडरों का निर्माण शुरू किया गया। शुरुआत में लिफ्ट कैनाल और माताटीला लाइनों का निर्माण किया गया, तभी वन विभाग और रक्षा मंत्रालय ने आपत्ति जता दी। इससे अन्य फीडरों का निर्माण रुक गया। तब से यह कार्य ठप था। करोड़ों रुपये की कीमत से बने इस पावर हाउस का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा था।
मुख्य अभियंता मोहम्मद सगीर व अधीक्षण अभियंता ग्रामीण ऐनुल होदा ने इस दिशा में पहल की और जो आपत्ति थी, उसको सुलझाने का प्रयास किया। एनओसी के लिए वन विभाग को 54 लाख रुपये दिए गए हैं और रक्षा मंत्रालय को 3 करोड़ 84 लाख रुपये दिए जाएंगे। जल्द ही दोनों विभागों की एनओसी मिलने के बाद लाइनों का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।
क्या था पेंच
220 केवी बबीना पावर हाउस का निर्माण तो कर लिया गया, लेकिन जहां से 33 केवी लाइनों का निर्माण किया जाना था, वहां सैन्य व वन विभाग का क्षेत्र पड़ रहा था। इसके चलते दोनों ही विभागों ने निर्माण पर आपत्ति जता दी थी और एनओसी देने से इन्कार कर दिया था। इसके चलते लाइनों का निर्माण अधर में लटक गया था।
इन क्षेत्रों के लिए बनाए जाएंगे फीडर
- बबीना कस्बा
- एमईएस
- खैलार
- बिजौली
- तालबेहट व आसपास एरिया।
400 एमवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर मौजूद
बबीना बिजलीघर की कुल क्षमता 400 एमवीए (मेगावोल्ट एम्पीयर) है। यहां पर 160 एमवीए के दो पावर ट्रांसफार्मर, 40 एमवीए के दो पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं।
हंसारी पर खत्म होगा ओवरलोड
132 केवी हंसारी पावर हाउस से जेल चौराहा, बीएचईएल, बीएचईएल-एक, एमईएस बबीना, मुन्नालाल पावर हाउस, सूती मिल, नंदनपुरा, माताटीला हाइडिल कॉलोनी, हंसारी, बिजौली, पुलिया नंबर-9, बिजौली इंडस्ट्री, रेल कोच फैक्टरी फीडर संचालित है। 220 बबीना चालू हो जाने के बाद यहां से बीएचईएल व बीएचईएल-2 फीडर शिफ्ट कर दिए जाएंगे। इससे 30 एमवीए लोड हंसारी से कम होकर बबीना पर पहुंच जाएगा।
वर्जन -
- 220 बबीना पावर हाउस से फीडरों के निर्माण में सैन्य व वन विभाग की एनओसी की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। जल्द ही यह प्राप्त हो जाएगी। इसके बाद लाइनों का निर्माण शुरू कर पावर हाउस का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। - ऐनुल होदा, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण, विद्युत वितरण मंडल, झांसी