झांसी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सबसे ज्यादा खींचतान प्रधानी पद को लेकर दिखाई पड़ रही है। सिर्फ पांच दिन में पांच हजार से अधिक नामांकन फार्म ग्राम प्रधान पदों के उम्मीदवारों ने ही खरीदे हैं जबकि राजनीतिक रूप से अहम माने जाने वाले जिला पंचायत सदस्य पद को लेकर उम्मीदवारों के बीच अभी वह उत्साह नजर नहीं आया है।
तीन और चार अप्रैल को नामांकन होना है। इसके लिए 27 मार्च से ही नामांकन फार्म की बिक्री ब्लॉक समेत जिला पंचायत कार्यालय से की जा रही। अभी तक जनपद में ग्राम प्रधान पद के लिए 5370, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 1870, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 1043 उम्मीदवार नामांकन फार्म खरीदे गए हैं। वहीं, आखिरी दो दिनों में प्रधान पदों के नामांकन फार्म की बिक्री दस हजार से अधिक होने की उम्मीद जताई जा रही। इसको देखते हुए ब्लॉकों में अतिरिक्त नामांकन फार्म भी भेजे गए हैं। वहीं, जिला पंचायत सदस्य पदोें के लिए नामांकन फार्म की बिक्री बेहद धीमी है।
इसके लिए अभी तक सिर्फ तीन सौ फार्म ही बिक सके हैं। उधर, आज भी ब्लॉकों में नामांकन फार्म लेने वालों की भीड़ लगी रही। बबीना, बंगरा, मऊरानीपुर, बामौर, मोंठ में सुबह से नामांकन फार्म लेने वालों के साथ ही नो-ड्यू्ज के लिए भी कतार लगी रही। बबीना ब्लॉक में सुविधा शुल्क लेकर मतदाता सूची दिए जाने को लेकर हंगामा भी हुआ हालांकि अधिकारियों ने इससे इंकार किया है। उनका कहना है कि एक रुपये प्रति पेज के हिसाब से ही पैसा लिया जा रहा है। वहीं, जमानत राशि जमा कराने को भी उम्मीदवारों को कतार लगानी पड़ी।
नामांकन की तैयारियां शुरू, कलक्ट्रेट में लग रही बैरिकेडिंग
तीन अप्रैल से आरंभ हो रही नामांकन प्रक्रिया के लिए कलक्ट्रेट समेत ब्लॉकों में भी तैयारियां शुरू करा दी गई हैं। कलक्ट्रेट में वित्त एवं राजस्व कार्यालय में जिला पंचायत सदस्य नामांकन कर सकेंगे जबकि ब्लॉकों में प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्यों का नामांकन होगा। सुरक्षा के लिहाज से कलक्ट्रेट परिसर में जगह-जगह बल्लियां लगा दी गई हैं। नामांकन के दौरान बाहरी लोगों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नामांकन के लिए सिर्फ उम्मीदवार समेत उनके एक प्रस्ताव को ही भीतर जाने की इजाजत होगी। इसके अलावा किसी दूसरे व्यक्ति को भीतर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। कोविड के प्रकोप को देखते हुए इसके प्रोटोकाल का भी पालन कराने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगेगी। बिना मास्क लगाए कोई भी उम्मीदवार नामांकन करने भीतर नहीं जा सकेगा। नामांकन कमरे के भीतर सैनिटाइजर और साबुन की भी व्यवस्था की जा रही है। ब्लॉक स्तर पर भी तैयारियां की जा रही हैं।