वड़ा बाजार में बने डिवाइडर पर कब्जा जमाय हथ ठेला वाले। अमर उजाला
झांसी। महानगर के सबसे व्यस्ततम बड़ा बाजार की सूरत बदलने के दावों पर पानी फिर गया है। 40 लाख रुपये खर्च करने के बाद भी बाजार से न तो अतिक्रमण हटा है और न ही यहां पर पार्किंग के बंदोबस्त हो सके हैं। ऐसे में बाजार में जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। कई बार नगर निगम पटरी दुकानदारों को हटा चुका है, लेकिन नई जगह न मिलने से पटरी दुकानदार बाजार में ही काबिज हैं।
दरअसल, दिवाली से पहले नगर निगम ने बड़ा बाजार को जाम से राहत देने और सुंदर बनाने के लिए 40 लाख रुपये खर्च कर डिवाइडर और एपेक्स बिछाए थे। इसके पीछे मंशा थी कि बाजार सुंदर लगेगा और दुकानदारों के वाहन एक लाइन में डिवाइडर पर खड़े हो सकेंगे। इसके चलते त्योहारों और आम दिनों में जाम की समस्या नहीं होगी। पहले तो निर्माण कार्य कराने के लिए जब नगर निगम ने पटरी दुकानदारों को हटाया तो दुकानदारों ने विरोध करते हुए काम रुकवा दिया। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दुकानों को हटाकर निर्माण करवाया गया। अब निर्माण पूरा हुए छह महीने बीत चुके हैं, लेकिन आज भी हालात जस के तस हैं। नगर निगम की टीम आए दिन अतिक्रमण हटाने पहुंचती है, लेकिन दुकानदार हटने को तैयार नहीं है। वहीं नगर निगम भी पटरी दुकानदारों को नई जगह मुहैया नहीं करा सका है। ऐसे में बाजार मेें अव्यवस्था पैदा हो रही है। आए दिन जाम लगने से लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।