झांसी। मंडलायुक्त अजय शंकर पांडेय ने अस्पतालों में लगे ऑक्सीजन प्लांट के निरीक्षण के दौरान प्राचार्य की अध्यक्षता में विशेषज्ञों की समिति गठित करने के निर्देश दिए। कहा कि चिकित्सा इकाइयों में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट के संचालन की एक जैसी प्रक्रिया अपनाएं। इसके लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजन (एसओपी) की जरूरत है।
गठित की जा रही समिति ऑक्सीजन प्लांट के संचालन के सभी तकनीकी पहलुओं पर दिशा-निर्देश तैयार करेगी। मंडल के सभी स्थानों पर लागू किया जाएगा। ताकि, ऑक्सीजन प्लांट के संचालन में एकरूपता बनी रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि ऑक्सीजन प्लांट के संचालन के लिए तैयार किए जा रहे निर्देशों में सभी आदर्श परिस्थितियों के साथ-साथ संभावित विषम परिस्थितियों को भी शामिल किया जाए। ताकि, किसी भी स्थिति में परिचालन संबंधी चूक न हो। दस दिनों में समिति को एसओपी का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। समिति के कार्यों के समन्वय के लिए अपर निदेशक डॉ. अल्पना बरतारिया, मंडलीय परियोजना प्रबंधक आनंद चौबे को नामित किया गया है। आनंद ने बताया कि एसओपी एक मानक संचालन प्रक्रिया है, जो किसी व्यवस्था के सुचारू संचालन में मददगार होती है। इसका उद्देश्य व्यवस्था के नियमों का पालन करना, गलत संचार और विफलता से बचना है।
मंडल में इतने प्लांट
जिल संख्या
झांसी 9
जालौन 4
ललितपुर 3