झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध कॉलेजों में संचालित स्नातक और परास्नातक सेमेस्टर प्रणाली के अंतर्गत प्रथम सेमेस्टर के कोर्सों की फरवरी व मार्च में होने वाली परीक्षाओं के ऑनलाइन फॉर्म अब पांच फरवरी तक भरे जाएंगे। तकनीकी कारणों से रविवार को प्रथम सेमेस्टर के विकल्प को बंद करना पड़ गया।
बीयू प्रशासन ने स्नातक व परास्नातक सेमेस्टर प्रणाली के कोर्सों के परीक्षा फॉर्म भरने के लिए अंतिम तारीख 30 जनवरी निर्धारित की थी। इसी बीच, बीयू ने विलंब शुल्क के साथ कैंपस और संबद्ध कॉलेजों में संचालित स्नातक व परास्नातक के तृतीय, पंचम, सप्तम व नवम सेमेस्टर के पाठ्यक्रमों की फरवरी में होने वाली परीक्षा के ऑनलाइन फॉर्म खोल दिए। छात्र-छात्राओं को 30 और 31 जनवरी को फॉर्म भरने का मौका दिया गया। चूंकि, प्रथम सेमेस्टर के छात्रों के भी फॉर्म भरे जा रहे थे, ऐसे में उन्हें रोकना पड़ गया। क्योंकि, यदि फॉर्म बंद नहीं किए जाते तो उन्हें भी विलंब शुल्क जमा करना पड़ता। वरना फॉर्म नहीं भरता। अचानक वेबसाइट पर फॉर्म नहीं भर पाने की वजह से छात्र-छात्राएं और कॉलेज के अधिकारी भी परेशान हो गए। उन्होंने विश्वविद्यालय दौड़ लगानी शुरू कर दी। बाद में परीक्षा विभाग ने प्रथम सेमेस्टर के कोर्सों के परीक्षा फॉर्म भरने की तारीख बढ़ा दी। अब छात्र-छात्राएं एक से पांच फरवरी तक फॉर्म भर सकेंगे।