जमीन के विवाद में फायरिंग, थाने में प्रदर्शन
झांसी। थाना नवाबाद स्थित करगुवां में जमीन को लेक दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस एक पक्ष के कुछ लोगों को लेकर थाने पहुंच गई। जहां विवाद हो गया। थाने पहुंचकर महिलाओं ने बच्चों के साथ थाने में ही लेटकर प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने किसी तरह मामले की पड़ताल कर कार्र्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। देर रात पुलिस कार्रवाई में जुटी रही।
थाना नवाबाद स्थित करगुवां निवासी जितेंद्र यादव, सतेद्र यादव का खेत है। इसके पास में ही आकाश प्लॉटिंग कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को जमीन के कुछ हिस्से को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। बताया गया है कि मामला सत्तापक्ष से जुड़ा होने के कारण पुलिस दूसरे पक्ष के लोगों को नवाबाद थाने लेकर पहुंची। इससे नाराज महिलाओं ने बच्चों के साथ थाने में लेटकर प्रदर्शन कर दिया। यह देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह समझाकर कार्रवाई का आश्वासन देकर उठाया जिसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ कर कार्रवाई में जुटी रही।