- जैन मंदिर में स्थापित लाखों रुपये के उपकरण जलकर राख हो गए
संवाद न्यूज एजेंसी
बरुआसागर। दिगंबर जैन मंदिर में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। जिससे मंदिर में लगे विद्युत उपकरण जल गए। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। जिससे बड़ा हादसा बच गया।
जैन मंदिर में अचानक धुंआ उठते देख मंदिर में सामायिक कर रहे सेवानिवृत्त अध्यापक गुलाब चंद्र जैन ने तुरंत मंदिर में मौजूद अन्य श्रावकों को सतर्क किया और स्थिति की गंभीरता को समझते हुए त्वरित आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। श्रावकों की तत्परता से आग को फैलने से रोक दिया गया। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इसके बावजूद आग के कारण मंदिर में स्थापित लाखों रुपये मूल्य के विद्युत उपकरण जलकर नष्ट हो गए। आग लगने की घटना को समय पर कदम उठाए जाने से मुख्य मंदिर परिसर को किसी बड़े नुकसान से बचा लिया गया।
मंदिर समिति ने घटना पर चिंता जताते हुए विद्युत व्यवस्था की गहन जांच कराने का निर्णय लिया है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके। आग को बुझाने में गुलाब चंद जैन, नीरज जैन, राहुल नायक का सहयोग रहा। इस संबंध में दिगंबर जैन पंचायत समिति के अध्यक्ष सिंघई संदीप जैन ने बताया कि गुलाब चंद जैन पूर्व अध्यापक के सजगता से और अपनी जान की परवाह न करते हुए आग पर काबू पाया।