झांसी। जिले में लॉकडाउन के चलते थाना प्रेमनगर क्षेत्र के इलाहाबादी मोहल्ला में मिठाई की दुकान पर भीड़ होने व गंदगी के चलते पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। इसके अलावा, भीड़ एकत्रित करने वाले कई और दुकानदारों को भी चिह्नित किया गया है।
लॉकडाउन के चलते जिले के बाजार पूरी तरह बंद हैं। कई दुकानों को कुछ समय खोलने की परमिशन मिली है, लेकिन इनमें से कुछ दुकानदार नियमों का उल्लंघन कर दुकानें खोल रहे हैं। जिस पर पुलिस सख्ती भी बरत रही है। बृहस्पतिवार को प्रेमनगर क्षेत्र स्थित इलाहाबादी मोहल्ला में गश्त के दौरान प्रभारी निरीक्षक आशीष मिश्रा को एक मिठाई की दुकान पर भीड़ मिली थी। साथ ही दुकान के बाहर गंदगी का अंबार भी मिला। पुलिस ने लोगों को दौड़ाकर दुकानदार को चेतावनी दी थी। पूरे मामले की जानकारी आलाअफसरों को दी गई थी। अधिकारियों के आदेश के बाद शनिवार को प्रेमनगर पुलिस ने दुकानदार वीरेंद्र सोनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इसके अलावा, प्रेमनगर क्षेत्र के कई ऐसे दुकानदार भी चिह्नित किए गए हैं, जिनकी दुकानों पर चोरी छिपे सामान बेचा जा रहा है। लोगों ने इसकी वीडियो व फोटो भी प्रेमनगर पुलिस को सौंपे हैं। इसके बाद पुलिस ने सख्ती बरतने के लिए चिह्नित कर लिया है।