झांसी। पितृ पक्ष में बुंदेलखंड से बड़ी संख्या में लोग बिहार के गया जाते हैं। झांसी से गया के लिए एक ही गाड़ी चंबल एक्सप्रेस उपलब्ध है। इसकी अधिकांश सीटें अभी से भर गई हैं। पितृ पक्ष में ट्रेन में जगह पाने के लिए मारामारी की स्थिति अभी से पैदा हो गई है।
पितृपक्ष इस बार 21 सितंबर से शुरू हो रहे हैं। बुंदेलखंड से हर साल लोग पितृ पक्ष के दौरान बिहार के गया में पूर्वजों का पिंडदान करने जाते हैं। पिछले साल कोरोना काल में बंदिशें अधिक होने के कारण तमाम लोग गया नहीं जा सके थे, जिससे इस बार जाने वालों की संख्या अधिक है। झांसी से गया जाने के लिए सप्ताह में चार दिन चंबल एक्सप्रेस ही उपलब्ध है। यह ट्रेन अलग-अलग नंबरों से चलती है। इनमें 02178 चंबल सुपरफास्ट एक्सप्रेस मंगलवार व शनिवार, 02176 मथुरा हावड़ा चंबल सुपरफास्ट एक्सप्रेस सोमवार व 04976 हावड़ा चंबल सुपरफास्ट एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को जाती है। यह ट्रेन झांसी से सुबह नौ बजे चलकर गया रात 11.10 बजे पहुंचती है। झांसी से गया की दूरी 731 किलोमीटर है। झांसी से सेकेंड एसी कोच का किराया 1580 रुपये, थर्ड एसी का 1120 रुपये, स्लीपर का 425 रुपये व जनरल कोच का 250 रुपये है।