अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। टहरौली के बमनुआ गांव निवासी राधा गोस्वामी (24) ने संदिग्ध परिस्थितियों में अत्यधिक दवाइयां निगलकर जान दे दी। वह चार माह की गर्भवती थी। मायके वालों ने पति समेत ससुराल वालों पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
मूल रूप से दतिया के तालगांव निवासी सालिक राम ने फरवरी 2024 में छोटी बेटी राधा की शादी बमनुआ गांव निवासी आकाश गोस्वामी से की थी। आकाश मेलों में दुकान लगाता है। शादी के बाद दंपती को एक बेटी हुई। राधा के परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ससुराल में राधा को परेशान किया जाने लगा। पति आकाश किसी से बात नहीं करने देता था। मोबाइल पर बात करने पर शक करता था। बेरहमी से उसे पीटता था। यह बात राधा ने मां को भी बताई थी। 20 अप्रैल को वह अपनी बहन प्रियंका के ससुराल में शादी समारोह में पति के साथ गई थी। वहां राधा किसी से बात कर रही थी। इस बात से आकाश नाराज हो गया। घर लौटने पर राधा की पिटाई करने लगा।
रविवार रात राधा ने कमरे में रखी दवाई एक साथ निगल ली। ससुराल वाले उसे अचेत हाल में देख मेडिकल अस्पताल लाए। मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। सोमवार तड़के राधा की मौत हो गई। उसकी मौत से मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिता का आरोप है कि दहेज के लिए उसके साथ मारपीट की जाती थी। इससे परेशान होकर उसने सुसाइड किया। सीओ टहरौली आसमा वकार के मुताबिक अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है। परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।