अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। महानगर की पहली बहुमंजिला कार पार्किंग में फास्टटैग से किराया कटेगा। यहां पर जल्द ही मशीनें लगाई जाएंगी। अगले सप्ताह से पार्किंग का ट्रायल रन भी शुरू हो जाएगा। पूरा परिसर सीसीटीवी कैमरे की निगहबानी में होगा।
नगर निगम के ठीक बगल में स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तहत बहुमंजिला कार पार्किंग का निर्माण कराया गया है। 25 करोड़ रुपये से बनकर तैयार हुई इस बिल्डिंग में एक साथ 280 कार खड़ी हो सकेंगी। प्रति घंटा, साप्ताहिक और मासिक किराये की दरें भी तय हो गई हैं।
खास बात ये है कि वाहन के पार्किंग से निकलने के दौरान फास्टटैग से किराया कट जाएगा। जितनी देर कार खड़ी रहेगी, उसी हिसाब से शुल्क लिया जाएगा। यहां पर इलेक्टि्रक वाहनों को चार्ज करने की भी व्यवस्था होगी। इसका अलग से किराया लिया जाएगा।
चोरी का वाहन आते ही पहुंचेगा अलर्ट
पार्किंग में ऐसी मशीनें भी लगाई जा रही हैं, जो पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज चोरी के वाहन को पार्किंग में दाखिल होते ही स्टाफ को अलर्ट कर देगी। ऐसे वाहनों की सूची पुलिस विभाग की तरफ से दी गई है।
सीएम कर सकते हैं लोकार्पण
कार पार्किंग का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लोकार्पण कराया जा सकता है। बताया जा रहा है कि इस महीने के अंतिम सप्ताह में सीएम ललितपुर दौरे पर आ सकते हैं। उनका दौरा झांसी में भी लग सकता है।
वर्जन..
बहुमंजिला कार पार्किंग में फास्टटैग से ही किराया कटेगा। ई-कारों को चार्ज करने की भी व्यवस्था होगी। अगले सप्ताह से ट्रायल रन शुरू हो जाएगा। - सत्य प्रकाश, सीईओ, स्मार्ट सिटी लिमिटेड