अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बीयू के कई आवासों पर लोगों का कब्जा है और वे छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। इन लोगों पर किराया और बिजली बिल का लाखों रुपये बकाया भी हो गया है। बीयू प्रशासन कई बार नोटिस थमा चुका है लेकिन कोई हल नहीं निकला। वहीं, दूसरी तरफ आवास के लिए कई कर्मचारी लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं।
बीयू के ब्लॉक ए से एफ तक आवास बने हैं, जो अधिकारी और शहरी सीमा से बाहर के कर्मचारियों के लिए हैं। आधिकारिक सूत्र बताते हैं कि इन आवासों में कई साल पहले सेवानिवृत्त हो चुके कर्मी, वर्तमान में दूसरी जगह कार्यरत कर्मचारियों का कब्जा है। वे न तो बीयू को किराया दे रहे हैं, न ही पानी और बिजली बिल का भुगतान कर रहे हैं। आवासों पर कब्जा करने वाले अधिकांश लोगों पर लाखों रुपये किराया बकाया है। एक व्यक्ति पर तो 11.30 लाख से ज्यादा किराया बकाया हो गया है।
0- वर्जन
बीयू के आवासों में सेवानिवृत्ति के बाद लंबे समय से रहने वाले लोगों को फिर से नोटिस भेज दिया गया है। इसके अलावा, बकाया किराया और बिजली और पानी का बिल भी जमा कराने के लिए कहा गया है। जल्द ही आवासों को खाली कराने की कार्रवाई की जाएगी। - विनय कुमार सिंह, कुलसचिव, बीयू