समथर। मंगलवार को समथर की उप गल्ला मंडी में धान खरीद व्यवस्था से नाराज किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। डाक में मनमानी और दो फीसदी कटौती के बावजूद नकद भुगतान नहीं मिला। इससे आक्रोशित किसानों ने मंडी का गेट बंद कर प्रदर्शन किया।
किसानों ने आरोप लगाया कि मंडी में व्यापारी अपनी मर्जी से धान की डाक लगाते हैं। इससे कई किसानों की बारी नहीं आती। उन्हें मजबूरन कम कीमत पर अपनी उपज बेचनी पड़ती है। कटौती के बाद भी भुगतान नकद नहीं किया जा रहा है। एमएलसी रमा निरंजन के प्रतिनिधि रवि पाल किसानों के साथ मंडी पहुंचे। उन्होंने मंडी इंस्पेक्टर मनीष यादव का घेराव किया। रवि पाल ने डाक व्यवस्था पारदर्शी बनाने और मनमानी करने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई की मांग की।
मंडी इंस्पेक्टर ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया। किसान रणवीर गुर्जर ने डाक में मनमानी से किसानों को नुकसान बताया। भरतशरण नगाइच ने नकद भुगतान न मिलने को अन्याय कहा। मोंठ के एसडीएम आशीष कुमार सिंह ने मंडी सचिव को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।