झांसी। पुनर्वास की मांग को लेकर बेतवा भवन में धरने पर बैठे किसानों का आंदोलन पांचवें दिन भी जारी रहा। बुधवार को किसानों ने सिंचाई अफसरों की बुद्घि-शुद्घि के लिए हवन किया।
इस दौरान हुई सभा को संबोधित करते हुए किसान नेता गौरीशंकर विदुआ ने कहा अब सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर विश्वास नहीं किया जाएगा। मांग पूरी होने के बाद ही आंदोलन खत्म होगा। अफसरों की उपेक्षा के चलते लखेरी बांध एवं पथराई बांध के प्रभावित किसान आज तक परेशान हैं। पथराई बांध के ग्राम इमलिया में तीन तरफ से पानी भरा है। यहां डूबकर चार किसानों की मौत हो चुकी। वक्ताओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सीलन एवं पानी होने से गांव में रहना भी मुश्किल हो गया लेकिन, सिंचाई अधिकारियों के कान पर जूं नहीं रेंग रही। धरना स्थल हवन एवं भंडारा हुआ। इसमें बलवीर भगवंते, रामप्रसाद, अमर सिंह, पप्पू पाल, मुन्ना चौधरी, धनेंद्र समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।