झांसी। जेसीआई झांसी वीरांगना के तत्वावधान में एक मार्च से वुमेंस डे वीक मनाया जाएगा, इसका शीर्षक ‘वजूद’ रखा गया है।
आठ मार्च को उन महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा, जो अकेले अपने दम पर परिवार का संचालन कर रही हैं।
शनिवार को पत्रकार भवन में संस्था की अध्यक्षा अपर्णा दुबे ने बताया कि वुमेंस डे वीक उन महिलाओं व बालिकाओं पर केंद्रित रहेगा, जो निर्धन वर्ग से हैं।
इन महिलाओं को जहां संस्था की सदस्याएं कौशल विकास के तहत ब्यूटीशियन, हस्त कारीगरी आदि का रोजगार परक प्रशिक्षण देंगी, वहीं बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए जूडो कराटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा झुग्गी-झोपड़ियों में महिलाओं, छात्राओं व बालिकाओं को मासिक धर्म के दौरान होने वाली परेशानियों आदि के बारे में जागरूक किया जाएगा।
इस दौरान सभी महिलाओं क ो सेनेटरी पैड्स भी वितरित किए जाएंगे। वहीं, पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए महानगर के पार्कों व डिवाइडरों में पौधरोपण किया जाएगा।
इस अवसर पर चार्टर अध्यक्ष हेमा पालरवाले, सचिव ललिता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सीमा दुबे, तृष्ति अग्रवाल, कल्पना पांडे, साधना जैन, सुनीता जैन, संगीता जैन, मोनिका अग्रवाल, आंचल जैन आदि मौजूद रहे।