अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मिशन कंपाउंड स्थित एक नर्सिंग होम में गर्भ में बच्चे की मौत हो गई। परिजन गलत उपचार का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। हंगामे की सूचना पर सीपरी बाजार पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर नाराज परिजनों को शांत कराया।
सीपरी बाजार थाना के पाल कॉलोनी निवासी भूपेंद्र कुशवाहा की पत्नी आरती आठ माह की गर्भवती थी। उसका कहना है कि 28 मई को रूटीन जांच के लिए वह खंडेराव गेट के पास एक महिला डॉक्टर के पास गए। डॉक्टर ने खून की कमी बताकर मिशन कंपाउंड स्थित नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया। नर्सिंग स्टाफ ने आरती को आयरन के इंजेक्शन लगाए। आरोप है कि इसके बाद ही आरती की हालत खराब होने लगी। उसका शरीर सुन्न पड़ गया। हालत बिगड़ने पर भूपेंद्र ने पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस के कहने पर पत्नी आरती को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचा। यहां मालूम चला कि गर्भ में पल रहे बच्चे की धड़कन बंद हो गई। रविवार रात उसे प्राइवेट अस्पताल ले गए। यहां ऑपरेशन करके डॉक्टर ने मृत बच्चे को बाहर निकाला। रोते-बिलखते परिजन मिशन कंपाउंड स्थित नर्सिंग होम पहुंच गए। यहां हंगामा शुरू हो गया। पुलिस अफसरों से भी शिकायत की। पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सीपरी बाजार थाना प्रभारी आनंद सिंह का कहना है कि अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।