नवजात की मौत पर परिजनों का हंगामा की खबर में ..... जिला महिला अस्पताल में नवजात की मौत पर परिजनों ने क?
झांसी। महिला अस्पताल में नवजात के जन्म के कुछ देर बाद ही मौत होने पर परिजनों ने हंगामा किया। परिजनों ने सही से इलाज न करने का आरोप लगाया। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी से शिकायत करते हुए इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।
उनाव गेट बाहर निवासी सौरभ विश्वकर्मा मजदूरी करता है। प्रसव पीड़ा होने पर वो शुक्रवार सुबह सात बजे पत्नी को लेकर महिला अस्पताल पहुंचा। सौरभ ने बताया कि सामान्य डिलीवरी के बाद बेटे का जन्म हुआ। स्टाफ ने भी आकर बताया कि जच्चा-बच्चा स्वस्थ हैं। इसके बाद एक और डिलीवरी केस आ गया। पूरा स्टाफ उसकी पत्नी और बच्चे की देखरेख छोड़कर दूसरे केस में लग गए। साथ ही उसकी चाची से कागज पर दस्तखत भी करा लिए। लगभग पौने घंटे बाद एक नर्स आई और उसने बताया कि बच्चे को ऑक्सीजन की समस्या हो रही है। बाद में बोला कि बच्चे में धड़कन नहीं है। चूंकि, बच्चे के जन्म लेने के बाद इसकी सूचना सौरभ ने परिजनों को दे दी थी। ऐसे में कई लोग अस्पताल पहुंच गए। वहां पर जब उन्हें नवजात की सांसें थम जाने की सूचना मिली तो आक्रोश में आकर हंगामा करने लगे। इसके बाद पुलिस को शिकायती पत्र देने पहुंचे। वहां से सीएमओ कार्यालय जाने के लिए कहा गया। बाद में सौरभ ने मामले की शिकायत सीएमओ से करते हुए लापरवाही बरतने वाले स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इस मामले में सीएमओ डॉ. अनिल कुमार का कहना है कि अभी उन्हें शिकायती पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। पत्र मिलते ही जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।