फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पहले किसान को मारा, फिर उसके पुत्र को गाड़ी से घसीटकर मारने की कोशिश

विज्ञापन
विज्ञापन
ललितपुर। थाना सौजना इलाके के बंगरुआ गांव में दबंगों ने दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया। पहले तो उन्होंने पुत्र और पत्नी के सामने एक किसान की कुल्हाड़ी और लाठियों से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद भी दबंगों का दिल नहीं भरा। किसान की हत्या के बाद उसके पुत्र को कार से बांधकर घसीटने की कोशिश की। मौके पर मौजूद रोती-बिलखती किसान की पत्नी ने दबंगों के आगे हाथ जोड़कर अपने पुत्र की जान की भीख मांगी, तब कहीं जाकर वे माने। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। किसान के घायल बेटे का उपचार महरौनी स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
विज्ञापन

ग्राम बंगरुआ निवासी किसान प्रभुदयाल ने ग्राम भदौरा निवासी नत्थूराजा से उसका खेत ठेके पर लिया है। जबकि, पहले ये खेत ग्राम बंगरुआ के छंदु यादव के पुत्र इमरत के पास ठेके पर था। इमरत इस बार भी ये खेत ठेके पर लेना चाहता था। लेकिन, प्रभुदयाल को खेत का ठेका मिलने से वो उससे रंजिश मानने लगा था। उसने कई बार प्रभुदयाल को खेत का ठेका छोड़ने के लिए धमकाया भी था। यही बात घटना का कारण बनी।
शुक्रवार शाम को प्रभुदयाल अपनी पत्नी शीला और पुत्र सुरेंद्र के साथ गांव से पांच किलोमीटर दूर गुढ़ा में बाजार गए थे। बाजार से लौटते समय वे गांव में इमरत के खेत के पास पहुंचे ही थे कि उसी समय पहले से घात लगाए बैठे इमरत पुत्र छन्दू, प्रान सिंह पुत्र इमरत, दद्दू पुत्र इमरत, अर्जुन पुत्र छक्की, सुरेंद्र पुत्र अर्जुन, देवीलाल पुत्र जबरी, नाम पुत्र जबरी यादव एवं साहब पुत्र इमरत अपने हाथों में कुल्हाड़ी और लाठियां लेकर आ पहुंचे। इससे पहले की प्रभुदयाल कुछ समझ पाता, उन्होंने उसकी चलती मोटरसाइकिल को लाठी मारी, जिससे उस पर सवार तीनों लोग गिर पड़े। इसके बाद हमलावरों ने प्रभुदयाल पर कुल्हाड़ी व लाठियों से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। गंभीर रूप से घायल प्रभुदयाल मौके पर ही अचेत हो गया और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। पुत्र और पत्नी ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों के आगे उनकी एक न चली। प्रभुदयाल की मौत के बाद हमलावरों ने उसके पुत्र सुरेंद्र की ओर रुख किया। सुरेंद्र को पीटते हुए चार पहिया वाहन से रस्सी से बांधकर घसीटने की कोशिश की। इस पर सुरेंद्र की मां हमलावरों के आगे हाथ जोड़कर गिड़गड़ाकर अपने बेटे की जान की भीख मांगने लगी। रोती - बिलखती मां ने हमलावरों को भरोसा दिया कि वे उसके बेटे को छोड़ दें तो वो इस घटना की किसी से शिकायत तक नहीं करेगी। तब कहीं जाकर हमलावर माने। इसी दरम्यान प्रभुदयाल का दूसरा पुत्र अशोक भी वहां आ पहुंचा। उसने घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। लेकिन, एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही प्रभुदयाल दम तोड़ चुका था। जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग रात में घटनास्थल पर पहुंचे और पूरी जानकारी ली। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने इमरत पुत्र छंदू यादव तथा दद्दू उर्फ मुलायम पुत्र इमरत यादव को गिरफ्तार कर लिया। सौजना पुलिस ने मृतक की पत्नी शीला की तहरीर पर सभी आरोपियों के खिलाफ मारपीट और गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन

302 की जगह 304 में एफआईआर, परिजन आक्रोशित
घटना का मुकदमा 302 (हत्या) की जगह 304 (गैर इरादतन) हत्या में दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचने मृतक प्रभुदयाल के परिजनों ने इस पर आक्रोश जताया। उनका कहना था कि ये मामला सीधे तौर पर हत्या कर है, जबकि मुकदमा गैर इरादतन हत्या में दर्ज किया गया है। इसे लेकर किसी तरह का हंगामा न हो, पुलिस ने ग्रामीणों को सीधे गांव जाने को कहा। लेकिन, वे घंटाघर चौराहा जाने की बात कहने लगे। पुलिस ने सभी को अपने घेरे में लेते हुए एसपी आवास से इलाइट होते हुए बाईपास के रास्ते गांव रवाना कर दिया।
फिल्मी स्टाइल में दिया घटना को अंजाम, गांव में कोहराम
थाना सौजना इलाके के ग्राम बंगरुआ दबंगों ने फिल्मी स्टाइल में घटना को अंजाम दिया। पहले किसान की हत्या की और उसके बाद पुत्र को चार पहिया वाहन से रस्सी के सहारे बांधकर घसीटते हुए जान से मारने की कोशिश की। किसान की पत्नी हमलावरों के सामने गिड़गिड़ाकर बेटे की जान की भीख मांगती रही। घटना की किसी से शिकायत नहीं करेगी, ये भरोसा मिलने बाद हमलावर माने। इस घटना से ग्राम बंगरुआ के अलावा आसपास के गांवों में भी कोहराम मचा हुआ है। हर किसी की जुबान पर इसी घटना की चर्चाएं हावी हैं। इसे देखते हुए पुलिस भी सतर्क है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें