गरौठा के अधिशासी अधिकारी के कार्यों की होगी जांच
झांसी। जनपद स्तरीय कर - करेत्तर एवं राजस्व वसूली की समीक्षा शुक्रवार को हुई, जिसमें जिलाधिकारी ने गड़बड़ी सामने आने पर गरौठा के अधिशासी अधिकारी के कार्यों की जांच के आदेश दिए। साथ ही कम वसूली पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को वसूली में सुधार लाने की ताकीद दी।
कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में हुई बैठक में डीएम शिवसहाय अवस्थी ने कहा कि गरौठा के अधिशासी अधिकारी के सभी कार्यों की जांच की जाए। इसमें अनियमितता सामने आने पर एफआईआर दर्ज की जाए। जिले में शत्रु संपत्ति के लंबित सर्वे जल्द पूरे किए जाएं। लापरवाह व शिथिल लेखपालों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पचास वर्ष से अधिक आयु के लेखपालों को स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष रखा जाए। वसूली की समीक्षा में स्टांप वसूली पर नाखुशी जाहिर करते हुए इसे बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं, उन्होंने समथर के अधिशासी अधिकारी से कहा कि यदि गोवंश की मृत्यु होती है तो गोवध अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी। उप जिलाधिकारियों से कहा कि खनन विभाग द्वारा जारी आरसी पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि धनराशि राजस्व में जमा हो सके। इस मौके पर एडीएम नगेंद्र शर्मा व बी राम, एसडीएम राजकुमार, गुलाब चंद्र राम, डीके सिंह, मंजूर अहमद खान आदि मौजूद रहे।