झांसी। नियमित रोजगार न मिलने से परेशान पीआरडी जवानों पर संकट के बादल छाए हुए हैं। पीआरडी महानिदेशक ने पचास वर्ष से अधिक आयु वाले जवानों की सूची तलब की है। साथ ही ऐसे जवानों के नाम सूची से हटाने का भी कहा है। जिले में 52 जवान पचास वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं।
जिले में प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) में 865 जवान सूचीबद्ध हैं। इनमें से तीन सौ जवानों को ही नियमित ड्यूटी मिलती है। पीआरडी जवानों को इसके लिए 185 रुपये प्रतिदिन मानदेय मिलता है। पीआरडी में साठ जवान राइफल से लैस हैं, जबकि बाकी लाठी के दम पर अपनी ड्यूटी करते हैं।
नियमित ड्यूटी न मिलने से परेशान पीआरडी जवानों के सामने अब एक और संकट आकर खड़ा हो गया है। महानिदेशक पीआरडी एमएल पांडेय ने पीआरडी कमांडेंट को पत्र भेजकर सभी जवानों की सूची अपडेट करने को कहा है। सूची में जवानों के नाम, पिता का नाम, पता, मोबाइल नंबर व जन्मतिथि भरने को कहा है।
पत्र में कहा गया है कि जो जवान अनपढ़ हैं उनकी आयु के प्रमाण के लिए आधार कार्ड लिया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि पचास वर्ष की आयु पार कर चुके जवानों को इस सूची से हटा दिया जाए।
पीआरडी कमांडेंट धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में 52 जवान ऐसे हैं जो पचास वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं। कर्मचारियों की सूची बनाई जा रही है।