अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। दो दिन से भले ही चिलचिलाती धूप से राहत मिली है मगर तापमान और उमस ने बेहाल कर दिया है। यही वजह है कि मई में शहर में बिजली खपत रिकॉर्ड 276 मेगावाट तक पहुंच गई है। इसके चलते, कहीं 33केवी लाइन ट्रिप हो रही है तो कहीं एलटी लाइन। यही नहीं, एक से डेढ़ घंटे की अघोषित कटौती से लोग परेशान हो उठे।
शहर में इन दिनों बिजली की खपत बढ़ती जा रही है। कहीं-कहीं बूंदाबांदी और बादल छाए रहने से लोगों को राहत तो मिली लेकिन गर्मी के चलते लोग परेशान हैं। घर-घर में लोग दिन-रात पंखा, कूलर, एयरकंडीशन आदि चला रहे हैं। इससे बिजली की खपत बढ़ती जा रही है। रात 10 बजे के बाद खपत का पैरामीटर तेजी से ऊपर बढ़ रहा है, जिसकी वजह से बिजली लाइनें ट्रिप हो रही हैं। जिन इलाकों की लाइनें ट्रिप नहीं हो रही हैं, वहां खपत को नियंत्रित करने के लिए अघोषित कटौती की जा रही है। तर्क दिया जा रहा है कि ट्रांसफार्मरों को ठंडा करने के लिए बिजली आपूर्ति बाधित करनी पड़ रही है अन्यथा इसमें खराबी आ सकती है। बिजली विभाग के अधिकारी का कहना है कि शहर में बिजली आपूर्ति की क्षमता 309 मेगावाट है और मई में खपत 90 फीसदी तक पहुंच गई है।